
सांकेतिक तस्वीर। पत्रिका
झालावाड़। मनोहर थाना उपखंड क्षेत्र के जावरी गांव में गुरुवार रात गेहूं की फसल निकालते समय थ्रेसर मशीन में फंसने से 24 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार जावरी निवासी जानकीलाल (24) पुत्र ब्रदीलाल लोधा पड़ोसी के खेत पर थ्रेसर मशीन से गेहूं निकाल रहा था। इसी दौरान वह गेहूं का गट्ठा मशीन में डाल रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से उसका हाथ थ्रेसर में फंस गया। देखते ही देखते वह गेहूं के साथ अंदर की ओर खिंचता चला गया।
मशीन में फंसने से उसका शरीर बुरी तरह जकड़ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गांव में खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को किसान का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
कृषि विशेषज्ञ पीडी नागर ने बताया कि इन दिनों किसान खेतों में गेहूं की फसल निकाल रहे हैं, मौसम खराब होने से किसान दिन रात काम कर रहे हैं। ऐसे में गेहूं निकालते समय पर्याप्त रोशनी रखें, हाथ में कड़ा और गले में साफी, गमछा भी नहीं डाले। कई बार किसान थ्रेशर में अधिक समय के चक्कर में जान जोखिम में डालकर दबाव के साथ गेहूं अंदर डालते हैं, इससे ऐसी घटनाएं होने का डर रहता है।
उदयपुर जिले के कोटड़ा थाना क्षेत्र के बोरडी कला गांव में एक दर्दनाक हादसे में स्कूली छात्रा हीना (17) की मौत हो गई थी। पड़ोस में ही थ्रेसर से गेहूं निकालने के लिए सहयोग करने गई थी। जहां गेहूं निकालने वक्त हीना का दुपट्टा थ्रेसर के पट्टे की चपेट में आने से उसकी गर्दन कट गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के गिरादड़ा गांव में खेत में फसल निकालते समय गले में बंधा गमछा थ्रेसर में फंसने से 24 वर्षीय युवक रमेश पुत्र जोगाराम नाई की दम घुटने से मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार रमेश अपने पिता और भाई के साथ जवड़िया गांव के एक खेत में चने की फसल निकाल रहा था। तभी अचानक उसका गमछा मशीन की चपेट में आ गया था।
Published on:
27 Mar 2026 09:06 pm
बड़ी खबरें
View Allझालावाड़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
