24 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Crime: शराब और अय्याशी में डूबा करोड़पति बना कातिल; पत्नी की पीट-पीटकर ली जान

Rajasthan Crime: बहुचर्चित रेणु उर्फ निमता हत्याकांड से पुलिस ने पर्दा हटा दिया है। सीढ़ियों से गिरने की कहानी झूठी पाई गई। पांच महीने बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया।

2 min read
Google source verification
jhalawar wife murder

सीसीटीवी फुटेज (फोटो-पत्रिका)

झालावाड़। बहुचर्चित रेणु उर्फ निमता हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका के पति देवीकृपाल उर्फ डेविड को वारदात के करीब पांच माह बाद कोटा से गिरफ्तार किया। कोटा के आरकेपुरम इलाके में पकड़ने गई टीम पर आरोपी ने कार से पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। वारदात में शामिल उसके भांजे कोमल मीणा और एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

मामले में खास बात यह रही कि मृतका के परिजन और ससुराल पक्ष ने शुरुआत में इसे सीढ़ियों से गिरने का हादसा बताया था। लेकिन मौके से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने इसे हत्या माना और थाने के हेड कांस्टेबल ने परिवादी बनकर हत्या का मामला दर्ज कराया। एफएसएल टीम की वैज्ञानिक जांच में कड़ियां जोड़ते हुए खुलासा हुआ कि पति ने ही पीट-पीटकर हत्या की।

हत्या से पहले होटल में पार्टी

सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि 6 नवंबर को देवीकृपाल के भांजे कोमल ने अकलेरा के एक होटल में कमरा बुक किया था, जहां दोनों ने शराब पार्टी की। देर रात करीब दो बजे देवीकृपाल के घर पहुंचने पर पत्नी रेणु से विवाद हो गया, जिसके बाद उसने मारपीट की। इससे रेणु को गंभीर चोटें आईं।

सुबह अस्पताल, फिर फरार

गंभीर घायल रेणु को 7 नवंबर सुबह करीब पांच बजे आरोपी कार से अकलेरा के निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर को सीढ़ियों से गिरने की बात बताई गई, लेकिन जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी शव अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। देवीकृपाल अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ।

सीन रिक्रिएशन

मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम में शरीर पर 19 चोटें पाई गईं। पुलिस ने सीन रिक्रिएशन, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और सीडीआर विश्लेषण का समन्वित उपयोग किया। जिससे स्पष्ट हो गया कि मौत मारपीट से हुई, न कि गिरने से। कमरे में संघर्ष के भी सबूत मिले।

पत्नी के विरोध पर मारपीट

पुलिस के अनुसार, देवीकृपाल ने करीब साढ़े चार साल पहले रेणु से प्रेम विवाह किया था। उसके कई महिलाओं से संबंध थे। वह अक्सर होटलों में महिलाओं के साथ जाता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद था। पुलिस के अनुसार, फरारी के दौरान भी वह इसी तरह की गतिविधियों में लिप्त था।

कुछ साल में बना करोड़पति

पुलिस के अनुसार, देवीकृपाल पहले साधारण जीवन जीता था, लेकिन कुछ ही वर्षों में करोड़पति बन गया। उसके पास आलीशान मकान और कई चार पहिया वाहन हैं। पुलिस को अवैध कमाई की आशंका है। उसका भांजा कोमल एमबीबीएस का छात्र है।