
झांसी में चतुर्भुज पटेल ने प्रेमिका नीलू और उसके बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी है।
झांसी से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के लहचूरा थाना क्षेत्र के बरौटा गांव में एक सनकी प्रेमी ने अपनी प्रेमिका और उसके तीन साल के मासूम बेटे की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी दो दिनों तक लाशों के साथ कमरे में सोता रहा। फिर प्रेमिका के शव को सड़क किनारे फेंक दिया और बच्चे के शव को भूसे में रखकर जला दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना की शुरुआत करीब छह महीने पहले हुई, जब बरौटा गांव के रहने वाले चतुर्भुज पटेल उर्फ दीपक की मुलाकात गुजरात की रहने वाली नीलू से हुई। दीपक झांसी में ब्लिंकिट में काम करता था, जबकि नीलू गुरुग्राम में रहती थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गया, लेकिन यह रिश्ता जल्द ही विवाद में बदल गया।
दीपक का आरोप है कि नीलू उससे पैसों की लगातार मांग करती थी। 2 अप्रैल की रात को इसी बात को लेकर दोनों के बीच जोरदार झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर नीलू ने अपने पति के पास लौटने की बात कही, जिससे गुस्साए दीपक ने कुल्हाड़ी उठाकर उसके सिर पर कई वार कर दिए और उसकी हत्या कर दी। मां की चीख सुनकर जागे तीन साल के मासूम कृष्णा की भी उसने हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने कोई घबराहट नहीं दिखाई। उसने खाना खाया और दो रातों तक उन्हीं शवों के पास सोता रहा। तीसरे दिन जब गर्मी के कारण लाशों से बदबू आने लगी, तब उसे पकड़े जाने का डर हुआ। 4 अप्रैल की रात को वह नीलू के शव को बाइक से ले जाकर सड़क किनारे फेंक आया और पहचान छिपाने के लिए पत्थर से चेहरा कुचल दिया। वहीं, बच्चे के शव को भूसे के ढेर में छिपा दिया। बाद में 7 अप्रैल को उसने पेट्रोल डालकर बच्चे के शव को जला दिया, ताकि कोई सबूत न बचे।
पुलिस के लिए इस केस को सुलझाना चुनौतीपूर्ण था क्योंकि महिला का चेहरा बुरी तरह कुचला गया था। इस अंधे हत्याकांड का खुलासा लहचूरा थाना प्रभारी सरिता मिश्रा की सूझबूझ से हुआ। उन्होंने मिशन शक्ति के रजिस्टर को खंगाला और इलाके की महिलाओं से संपर्क किया।
रजिस्टर के पन्ना नंबर 37 पर हेमलता का नाम मिला। जब पुलिस ने उससे संपर्क किया तो उसने अपने पति दीपक के बारे में अहम जानकारी दी। हेमलता ने बताया कि दीपक के कई महिलाओं से संबंध है। उसने यह भी बताया कि दीपक हाल ही में एक महिला और बच्चे को गांव लाया था, जिसके बाद पुलिस का शक उसी पर गया।
बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि दीपक अपने घर आ रहा है। पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
झांसी एसएसपी के मुताबिक, आरोपी बेहद गुस्सैल और सनकी स्वभाव का है। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल बाइक, तमंचा और अन्य सामान बरामद किया गया है। फिलहाल उसे जेल भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
Published on:
10 Apr 2026 04:33 pm
बड़ी खबरें
View Allझांसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
