तलवारबाजी में कांस्य पदक जीतने वाली बालिकाओं को डीएम ने नवाजा
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित हुई सब जूनियर नेशनल फेन्सिंग
(तलवारबाजी) प्रतियोगिता में जालौन की दो बालिकाओं ने कांस्य पदक जीतकर
जनपद का नाम रोशन किया है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित हुई सब जूनियर नेशनल फेन्सिंग (तलवारबाजी) प्रतियोगिता में जालौन की दो बालिकाओं ने कांस्य पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया है। तलवारबाजी में कांस्य पदक जीतकर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली दोनों बालिकाओं को राज्य सरकार की ओर से दी जाने वाली कैश प्राइज़ से जिलाधिकारी श्रीमती संदीप कौर ने सम्मानित किया।
ग्वालियर में आयोजित हुयी थी प्रतियोगिता
बता दे कि सब जूनियर नेशनल फेन्सिंग चैम्पियनशिप 2012-13 में मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित हुयी थी जिसमें उत्तर प्रदेश की अोर से जालौन की दो बालिकायें इकरा व अरीबा ने भाग लिया था। जहाँ दोनों ने अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए यूपी के लिये कांस्य पदक जीतकर देश में प्रदेश के साथ साथ जनपद का नाम भी रोशन किया था।
यूपी सरकार करती है सम्मानित
राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले यूपी के खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश सरकार सम्मानित करती है। यह पुरस्कार खेल पुरस्कार नीति के अनुसार प्रत्येक मान्यता प्राप्त ओलम्पिक खेल में राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ी को कैश प्राइज़ के रूप में देने का प्रावधान है। उसी क्रम में अाज खेल विभाग उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जिलाधिकारी संदीप कौर ने कांस्य पदक विजेता इकरा व अरीबा को पांच-पांच हजार रुपये के डी.डी. प्रदान किए। जिलाधिकारी संदीप कौर ने दोनों पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी, साथ ही दोनों से आगे और अच्छे प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अनीता कनौजिया के साथ जिला तलवारबाजी संघ के सचिव असद खान, एम.पी.शाक्यवार, अध्यक्ष प्रदीप सक्सेना बाबा, सीता शरण एडवोकेट व अन्य खिलाड़ी उपस्थित रहे।