
झांसी में छात्रा के साथ दरिदंगी | (फोटो सोर्स- symbolic image)
Jhansi Student Murder Case : उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। उल्दन थाना क्षेत्र के निमौनी गांव में पिछले पांच दिनों से लापता एक 12वीं की छात्रा का शव मंगलवार सुबह एक पुराने कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा की स्थिति इतनी भयावह थी कि देखने वालों की रूह कांप गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी नृशंस हत्या की गई है।
17 वर्षीय छात्रा 2 अप्रैल को घर से अचानक लापता हो गई थी। परिवार वालों ने उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन जब कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे जब कुछ ग्रामीण खेतों की तरफ जा रहे थे, तब उनकी नजर गांव के ही एक पुराने और सूखे कुएं पर पड़ी। कुएं के अंदर झाड़ियों के बीच एक शव फंसा हुआ था, जिसकी पहचान लापता छात्रा के रूप में हुई।
छात्रा का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला, जिससे इलाके में भारी आक्रोश है। छात्रा के परिजनों का कहना है कि दरिंदों ने दरिंदगी के दौरान छात्रा की आंखें तक फोड़ दीं और दुपट्टे से उसका मुंह और गला घोंटकर उसे कुएं में फेंक दिया। शव की हालत देखकर सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी जेपी यादव ने बताया कि अभी जांच चल रही है। हालांकि, थाना प्रभारी जेपी यादव ने प्रारंभिक तौर पर मुंह बंधा होने की बात को स्पष्ट नहीं किया है, उनका कहना है कि दुपट्टा केवल चेहरे पर लिपटा मिला था।
इस घटना के बाद से निमौनी और आसपास के गांवों के लोगों में बहुत गुस्सा है। ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि हत्यारों ने बहुत ही चालाकी से इस पुराने और बंद पड़े कुएं को चुना ताकि किसी को पता न चले। स्थानीय लोग अब आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
Updated on:
07 Apr 2026 03:19 pm
Published on:
07 Apr 2026 03:18 pm
बड़ी खबरें
View Allझांसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
