
झांसी: महिलाओं से छेड़खानी का आरोप, सैकड़ों लोगों ने लुहारी टोल प्लाजा घेरा
Jhansi News: झांसी-खजुराहो हाईवे (एनएच-39) पर लुहारी टोल प्लाजा को सैकड़ों लोगों ने घेर लिया। आक्रोशित लोग टोलकर्मियों पर महिलाओं से छेड़खानी का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। लोगों के गुस्से को देखते हुए टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारी भाग खड़े हुए। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मऊरानीपुर के रहने वाले लोगों का आरोप है कि वे शनिवार रात अपने परिवार के साथ झांसी से गांव लौट रहे थे। वाहन में उनके परिवार की महिलाएं भी सवार थीं। उनका कहना है कि देर रात जब वे लुहारी टोल प्लाजा पहुंचे, तो शराब के नशे में धुत टोल कर्मियों ने महिलाओं को देखकर अश्लील इशारे करने लगे और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। रात होने के कारण उन्होंने उस समय पुलिस को बुलाना उचित नहीं समझा और आगे बढ़ गए।
लेकिन रविवार शाम को सैकड़ों लोग तीस-चालीस गाड़ियों में सवार होकर टोल प्लाजा पहुंच गए। आक्रोशित लोग आरोपी टोल कर्मियों को पकड़ना चाहते थे। टोल कर्मचारियों ने जब भीड़ को देखा तो डर के मारे भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
टोल प्रबंधन का दावा है कि रात में बिना टोल दिए वाहन निकालने को लेकर कुछ लोगों का लाइन इंचार्ज से विवाद हुआ था। वाहन मालिक एक संगठन से जुड़े हुए थे और बिना टोल दिए ही वाहन निकालना चाहते थे। इसी विवाद में गांव के लोग आ गए और टोल कर्मियों पर गलत आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि करणी सेना के लोगों का टोल में बिना पैसा दिए वाहन ले जाने को लेकर विवाद हुआ था। मामले की सूचना पर पुलिस पहुंची थी, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
22 Jul 2024 06:29 am
