
पान सिंह तोमर की पोती ने जेई को जड़े थप्पड़, PC - Twitter
झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में बागी पान सिंह तोमर की पोती सपना तोमर ने एक कारनामा कर दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। सपना ने विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) वैभव रावत पर न सिर्फ थप्पड़ों की बारिश की, बल्कि उनका मोबाइल भी तोड़ दिया। यह विवाद उस समय हुआ जब स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान दोनों के बीच तकरार बढ़ गई।
बबीना क्षेत्र के पंजाबी कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाए जाने की प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान विद्युत विभाग के अवर अभियंता, वैभव रावत अपनी टीम के साथ डकैत पान सिंह तोमर के बेटे शिवराम तोमर के घर पहुंचे। मीटर बदलने को लेकर दोनों के बीच बहस हुई और मामला इतना बढ़ा कि सपना ने जेई पर एक के बाद एक 7 थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान सपना ने गाली-गलौज करते हुए उनका मोबाइल भी तोड़ दिया।
घटना बुधवार की है लगभग तीन बजे के आस-पास की बताई जा रही है, जब अवर अभियंता वैभव कुमार रावत घर-घर स्मार्ट मीटर लगवा रहे थे। सपना तोमर ने जब इस मीटर को बदलने से मना किया, तो जेई ने उन्हें बताया कि यह शासन का आदेश है और हर घर में मीटर बदलने की प्रक्रिया चल रही है। इससे नाराज होकर सपना ने हमला कर दिया।
मामला बढ़ते देख सपना की मां और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और जेई को किसी तरह अलग किया। विवाद के दौरान विद्युत विभाग के अन्य कर्मचारियों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वहीं, जेई वैभव रावत ने बबीना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और सपना तोमर के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया।
सूचना मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने गंभीरता से मामले को लिया और एसडीओ शिव कुमार कुशवाहा सहित अन्य कर्मचारी बबीना थाना पहुंचे। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
5 Jun 2025, 3:09 PM IST
Published on:
5 Jun 2025, 2:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.