
देश-विदेश में प्रसिद्ध बिरला इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (बिट्स) के पिलानी सेंटर के पूर्व छात्र पंकज पटेल ने गुरु दक्षिणा के रूप में अपने संस्थान को 10 लाख अमरीकन डॉलर (8.69 करोड़ रुपए) दिए हैं। जाने माने एंटरप्रेन्योर पंकज ने बिट्स पिलानी से वर्ष 1970 से 75 के बीच पढ़ाई की थी।
उन्होंने कहा कि बिट्स पिलानी ने तकनीक और नेतृत्व में मेरी यात्रा की नींव रखी। इस अद्भुत संस्थान को दिया मेरा योगदान नई पीढ़ी के छात्रों को पोषण देने का मेरा तरीका है, जो भविष्य के लिए विचार और इनोवेशन करेंगे। संस्थान के कुलपति प्रो. वी. रामगोपाल राव ने कहा, यह योगदान संस्थान के विकास के लिए हमारे पूर्व छात्रों की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पटेल अमरीका की एक टेक कंपनी निले (बे एरिया यूएसए) के संस्थापक और सीईओ हैं। निले की स्थापना से पहले पटेल मार्क केपिटल के वरिष्ठ सलाहकार के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने सिस्को सिस्टम्स में कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य विकास अधिकारी के रूप में भी काम किया। निले के अलावा पटेल एक बोर्ड सदस्य के रूप में कई टेक स्टार्टअप्स को सलाह देते हैं। इसके अलावा पंकज ने अन्य विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग टीमों का निर्माण और नेतृत्व किया है।
Updated on:
19 Feb 2025, 8:32 AM IST
Published on:
19 Feb 2025, 8:31 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.