
Jhunjhunu News: झुंझुनूं। चिड़ावा पंचायत समिति परिसर में सोमवार को साधारण सभा की बैठक में हिस्सा लेने आए झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू के सामने लात-घूंसे चले। कुछ सरपंचों और पंस सदस्यों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करवाया।
बैठक में वार्ड 17 से पंस सदस्य शीला देवी अपने पति राजेश डारा और वार्ड 16 से पंस सदस्य उम्मेद धनखड़ के साथ इस्तीफा देने के लिए पहुंची। बैठक शुरू होने से पहले जैसे ही विधायक राजेंद्र भांबू प्रधान के चैंबर से बाहर निकले, तो पंस सदस्य के पति राजेश डारा ने अपनी पत्नी पंस सदस्य शीला की पार्टी स्तर पर अनदेखी और विकास कार्य नहीं करवाने की बात कहते हुए पद से इस्तीफा देने की बात कही।
बताया जा रहा है कि पंस सदस्य पति डारा ने विधायक को तबादलों की डिजायर नहीं दिए जाने का उलाहना देते हुए उलझने का प्रयास किया। जिस पर हंगामा होने लगा। देखते-देखते दोनों तरफ से लात-घूंसे चलने लगे। कुछ लोगों ने पंस सदस्य शीला के पति राजेश डारा को थप्पड़-मुक्के मार दिए।
भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य विश्वंभर पूनियां, पंस सदस्य अनिल रणवां, सरपंच अमरसिंह नूनियां, अनिल कटेवा ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करवाने के प्रयास किए। पंस सदस्य डारा और धनखड़ भी मीटिंग में कागज पर लिखा इस्तीफा लेकर पहुंच गए।
पंचायत समिति में इस्तीफे का मामला तो घंटों तक चलता रहा। मगर मीटिंग से पहले करीब दो मिनट तक जमकर बहस और हाथापाई चलती रही। बाहर आपसी मारपीट को देखकर विधायक भांबू वापस प्रधान के चैंबर में चले गए। बाद में थाने से सीआई आशाराम गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता भी पहुंचा। हालांकि, पुलिस ने किसी को हिरासत में नहीं लिया।
पंचायत समिति में किसी मैंबर के साथ हाथापाई नहीं हुई। पंस सदस्य के पति आ गए थे। जो कि नियमानुसार बैठक में हिस्सा नहीं ले सकते। किसी कार्यकर्ता से उलझ रहे थे। जिसे समझाइस कर शांत किया गया। बाद में दोनों पंस सदस्यों की समस्या भी जानी गई। जिसे शालीनता से समस्या रखने के लिए कहा गया। समझाइश के बाद दोनों सदस्य मान भी गए।
-रोहिताश धांगड़, प्रधान, पंस चिड़ावा
Updated on:
28 Jan 2025 09:45 am
Published on:
28 Jan 2025 09:44 am
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
