
फोटो पत्रिका नेटवर्क
Jhunjhunu Woman Murder : झुंझुनूं जिले के पचेरीकलां थाना क्षेत्र के रामसर गांव में बुधवार को 60 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका कमला देवी पत्नी ख्यालीराम सुबह करीब 10 बजे घर से मंदिर जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान गांव के एक युवक ने उसे रास्ते से पकड़कर जबरन अपने घर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार सुबह सूचना मिलने पर टीम तुरंत रामसर गांव पहुंची। मौके पर कमला देवी का शव आरोपी राजेश पुत्र महासिंह के घर के एक कमरे में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला के साथ मारपीट की गई थी। पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार और उसकी मां नीता देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बुहाना के राजकीय अस्पताल भिजवाया गया है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
जानकारी के अनुसार कमला देवी रोजाना की तरह मंदिर जा रही थी, तभी आरोपी ने उसे जबरन पकड़ लिया और अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने महिला के सिर पर धारदार हथियार से वार किए जाने का आरोप लगाया है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी मानसिक रूप से सनकी प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। आरोपी राजेश का मकान मंदिर के पास ही है, जबकि कमला देवी का मकान घटनास्थल से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर है। वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी अपने घर पर ही रहा। पुलिस आने के समय भी मौके पर मौजूद था। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मृतका के परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है। उसका पति ख्यालीराम गांव में ट्रैक्टर चलाकर मजदूरी करता है। परिवार में एक बेटा जितेंद्र दिव्यांग है, जबकि दूसरा बेटा सत्येंद्र है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Published on:
27 May 2026 03:54 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
