7 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jhunjhunu Murder Case : टिंकू हत्याकांड; रील के कमेंट बने खून की वजह, हत्या के बाद आरोपी पहाड़ियों में काट रहे थे फरारी

Jhunjhunu Murder Case : सिंघाना थाना क्षेत्र के इश्कपुरा गांव में युवक मुकेश उर्फ टिंकू गुर्जर की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन जनों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

3 min read
Google source verification
jhunjhunu murder case1

मृतक मुकेश उर्फ टींकू गुर्जर और आरोपियों को ले जाती डीएसटी व सिंघाना पुलिस की टीम। फोटो पत्रिका नेटवर्क

Jhunjhunu Murder Case : झुंझुनूं। सिंघाना थाना क्षेत्र के इश्कपुरा गांव में युवक मुकेश उर्फ टिंकू गुर्जर की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन जनों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। जांच में सामने आया है कि करीब एक साल पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया पर रील्स के कमेंट इस वारदात की बड़ी वजह बने।

एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में इश्कपुरा निवासी विजय सिंह उर्फ मिंटू, भोदन निवासी सोमवीर गुर्जर तथा भरगड़ा की ढाणी, नानूवाली बावड़ी निवासी अजीत भरगड़ शामिल हैं। तीनों आरोपियों को जिला स्पेशल टीम और सिंघाना थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर गिरफ्तार किया।

शादी में मारपीट से शुरू हुआ विवाद

एसपी सागर ने बताया कि मृतक मुकेश उर्फ टिंकू और आरोपी विजय उर्फ मिंटू के बीच एक साल पहले गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच तनाव लगातार बना रहा। मामला यहीं समाप्त नहीं हुआ। कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर डाली गई रील्स पर किए गए कमेंट्स ने दोनों पक्षों के बीच की दुश्मनी को और बढ़ा दिया। आरोपियों को मुकेश की ओर से किए गए कमेंट्स और तंज नागवार गुजर रहे थे। इसी बात को लेकर आरोपियों ने मुकेश को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

रेकी कर रास्ते में रोककर मारी गोली

तीन अप्रेल 2026 को मृतक के चाचा ने सिंघाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि विजय उर्फ मिंटू, सोमवीर गुर्जर, अजीत भरगड़ और उनके अन्य साथियों ने मिलकर मुकेश की हत्या की है। आरोपियों ने वारदात से पहले कई दिनों तक मुकेश की गतिविधियों पर नजर रखी। उसकी आवाजाही, आने-जाने के रास्ते और समय की रेकी की गई।

घटना वाले दिन आरोपियों ने पहले रास्ते में घेरकर मुकेश की बाइक को निशाना बनाया। लाठियों से वार कर बाइक को असंतुलित किया गया। इससे मुकेश सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने उसे संभलने तक का मौका नहीं दिया। मुख्य आरोपी विजय उर्फ मिंटू ने मुकेश के सीने से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही मुकेश गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद पहाड़ियों में छिपे बैठे थे आरोपी

हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए थे। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर जिला स्पेशल टीम और सिंघाना थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एमओबी और एफएसएल टीम की मदद ली गई।

आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने क्षेत्र के करीब 150 से 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आरोपियों के संभावित ठिकानों इश्कपुरा, डूमोली, रवां, रोजडा, दूधवा, चिरानी, पाटन, डाबला, नीमकाथाना, उदयपुरवाटी, सीकर, लक्ष्मणगढ, फतेहपुर समेत अनेक स्थानों पर दबिश दी गई। लगातार दबिश दी जाती रही। कई गांवों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं। लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे।

कांस्टेबल की सूचना से मिली सफलता

सात अप्रेल को जिला स्पेशल टीम के कांस्टेबल प्रदीप को सूचना मिली कि आरोपी भैंसावता कलां की पहाड़ियों में छिपे हुए हैं और वहीं से फरारी काट रहे हैं। सूचना मिलते ही डीएसटी और सिंघाना थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की। पहाड़ियों में सर्च अभियान चलाकर पुलिस ने विजय उर्फ मिंटू, सोमवीर और अजीत को दबोच लिया। तीनों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य साथियों की भूमिका के संबंध में आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।

हथियार और अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अभी अनुसंधान जारी है। हत्या में प्रयुक्त पिस्टल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस हत्या की साजिश में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं।

बड़ी खबरें

View All

झुंझुनू

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग