
सूरजगढ़ (झुंझुनूं)। राजस्थान के झुंझुनूं निवासी आर्मी जवान नंदू सिंह शेखावत की लेह लद्दाख में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई।महज़ 24 वर्षीय नंदू सिंह लेह लद्दाख में आर्मी के गोला बारूद डीपो ( एफएडी 41) में ट्रेड मैन मेट के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर से जहां परिजनों से लेकर गांव तक में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा सहित कई अन्य प्रमुख शख्सियतों ने उनकी शहादत पर शोक जताया है।
जानकारी के अनुसार बम फटने से घायल सेना के जवान रामरख की ढाणी निवासी नंदू सिंह शेखावत की इलाज के दौरान मौत हो गई। नंदू सिंह की पार्थिव देह को आज मंगलवार को गांव ला जा रहा है, जहां पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
नंदू सिंह के परिचितों को विभिन्न माध्यमों से उनकी मौत की सूचना मिल गई थी, लेकिन सोमवार को दिन भर तक इस सूचना को उनके माता-पिता व परिवार के अन्य सदस्यों से साझा नहीं किया गया। इस बीच गांव में गम का माहौल है।
नंदू सिंह अपने अन्य सहकर्मियों के साथ आठ मई को रोज़मर्रा की तरह ड्यूटी पर काम कर रहा था। इसी दौरान डीपो में अचानक से एक बम ज़ोरदार धमाके के साथ फट गया। बम फटने से नंदू सिंह सहित दो-तीन अन्य सैनिक घायल हो गए।
सभी घायलों को लेह लद्दाख के ही आर्मी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन नंदू सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई में रेफर कर दिया गया, जहां पर सोमवार को नंदू सिंह ने अंतिम सांस ली। सूचना मिलने पर नंदू सिंह के बड़े भाई वेदप्रकाश और ओमप्रकाश भी चंडीगढ़ पहुंच गए।
नंदू सिंह ने 30 मार्च 2023 को ही इस पद पर नियुक्ति प्राप्त की थी। वहीं एक महीने पहले ही वे गांव आकर गए थे। मिलनसार स्वभाव के नंदू सिंह के गांव में कई दोस्त हैं, उनसे वह बात करता रहता था। नंदू सिंह अविवाहित थे।
नंदू सिंह की ड्यूटी के दौरान शहादत की घटना पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी दुःख जताया है। उन्होंने अपने शोक सन्देश में लिखा, 'लद्दाख में मां भारती की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए झुंझुनूं के सूरजगढ़ के समीप रामरख की ढाणी के लाल, सेना के जवान श्री नंदू सिंह शेखावत जी की शहादत पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम जी से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिजनों को संबल प्रदान करें। ॐ शांति।
Updated on:
14 May 2024 11:49 am
Published on:
14 May 2024 11:49 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
