30 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘नजदीक से देखे ड्रोन हमले…’, दुबई से भारत लौटा राजस्थान का युवक, हॉस्पिटल में करना पड़ा भर्ती

Rajasthan Youth Return From Dubai: दुबई में युद्ध जैसे हालात के बीच काम कर रहे झुंझुनूं के युवक शाहरुख खान किसी तरह भारत लौट पाए। लगातार ड्रोन हमलों और सायरन के बीच बीते दिनों ने उन्हें मानसिक रूप से झकझोर दिया।

2 min read
Google source verification
Dubai Return

राजस्थान का युवक शाहरुख खान और दुबई सोनपुर आर्मी बेस के पास अपने कार्य क्षेत्र में ड्रोन हमले में गिरे टुकड़े (फोटो: पत्रिका)

Drone Attack In Dubai: दुबई में काम कर रहे झुंझुनूं के पचलंगी निवासी शाहरुख खान युद्ध जैसे हालात के बीच जान जोखिम में डालकर आखिरकार अपने वतन लौट आया। खौफनाक माहौल और लगातार हमलों के बीच रहकर लौटे शाहरुख ने जो हालात बताए। मानसिक तनाव इतना गहरा था कि वतन पहुंचते ही उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। अब उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

शाहरुख एक साल से दुबई के सोनापुर क्षेत्र में गैस पाइपलाइन परियोजना में कार्यरत था। मेहनत-मजदूरी के दम पर अच्छा वेतन मिल रहा था और जीवन पटरी पर चल रहा था। लेकिन अचानक युद्ध जैसे हालात ने सब कुछ बदलकर रख दिया। उसने बताया कि हालात इतने बिगड़ गए कि लोग जल्द से जल्द अपने देश लौटने की कोशिश में जुट गए।

एयरपोर्ट बंद, टिकट रद्द…हर कदम पर बढ़ी परेशानी

शाहरुख ने बताया कि 20 मार्च 2026 को शारजाह से उसकी फ्लाइट तय थी। लेकिन एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अचानक उसे बंद कर दिया गया और टिकट रद्द हो गई। इसके बाद उसने फुजैराह एयरपोर्ट से टिकट कराने का प्रयास किया। लेकिन वहां भी सफलता नहीं मिली। काफी प्रयासों के बाद अंततः दुबई से टिकट मिल पाई और 21 मार्च को वह दिल्ली पहुंच सका।

हमलों के बीच बीता हर दिन

शाहरुख का कार्यस्थल दुबई के सोनापुर क्षेत्र में आर्मी बेस के पास था। इस इलाके में पिछले कुछ समय से लगातार हमलों की घटनाएं हो रही थीं, जिससे वहां काम करने वाले लोगों में डर का माहौल बना हुआ था। शाहरुख ने बताया कि उसने कई बार बेहद करीब से ड्रोन हमले होते हुए देखे। हमले से पहले मोबाइल फोन पर अलर्ट मैसेज आने लगते थे और कुछ ही देर में सायरन बजने लगते थे। सायरन बजते ही सभी कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के निर्देश दिए जाते थे। कई बार ऐसा भी हुआ कि शाहरुख काम पर पहुंचा ही था कि अचानक सायरन बज गया और उसे तुरंत वापस सुरक्षित जगह पर लौटना पड़ा।

उसने बताया कि वहां हर दिन डर और अनिश्चितता के माहौल में गुजर रहा था। काम के दौरान भी लोगों के मन में हमेशा हमले का भय बना रहता था। लगातार तनाव और डर के इस माहौल का असर शाहरुख के मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ने लगा था। उसे घबराहट और बेचैनी महसूस होने लगी थी। आखिरकार स्थिति को देखते हुए वह भारत लौट आया। वतन लौटते ही उसे शाहपुरा-मनोहरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया। फिलहाल इलाज के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।