25 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

RBSE 10th Result: 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम में झुंझुनूं जिले ने रचा इतिहास, 97.77% हासिल कर राजस्थान में पहले नंबर पर आया

RBSE 10th Result: झुंझुनूं जिले ने RBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में 97.77% रिजल्ट के साथ इतिहास रचते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। जिले के 21 हजार से अधिक विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में पास हुए, जिससे शिक्षा क्षेत्र में नई मिसाल कायम हुई।

7 min read
Google source verification
RBSE 10th Result 2026 Jhunjhunu Tops Rajasthan with Record 97.77 Percent Creates History in Class 10 Results

10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम में झुंझुनूं जिले ने रचा इतिहास (फोटो- पत्रिका)

RBSE 10th Result 2026 Jhunjhunu Tops Rajasthan: झुंझुनूं: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से मंगलवार को जारी दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में झुंझुनूं जिले ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जिले ने 97.77 प्रतिशत परिणाम हासिल कर प्रदेश के सभी जिलों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर है। विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा झुंझुनूं इस बार भी अपनी परंपरा पर खरा उतरा है। इस वर्ष जिले में कुल 30 हजार 565 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था। इनमें से 30 हजार 63 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि कुछ विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों में से 29 हजार 394 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है, जो जिले की उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था को दर्शाता है। परिणाम का विश्लेषण करें तो जिले में प्रथम श्रेणी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या सबसे अधिक रही। कुल 21 हजार 852 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। वहीं, 6 हजार 668 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी और 854 विद्यार्थियों ने तृतीय श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की है।

बेटियों का फिर दबदबा: परिणाम रहा 98.52 प्रतिशत

जिले की बेटियों ने एक बार फिर सफलता के झंडे गाड़ दिए हैं। इस बार भी दसवीं के परिणाम में बेटियां अव्वल रही हैं। बेटियों का इस बार परिणाम प्रतिशत 98.52 रहा है। जबकि बेटों का परिणाम प्रतिशत 97.15 रहा है। हालांकि, जिले के बेटों ने भी अच्छी सफलता हासिल की है। बेटियों का परिणाम बेटों की तुलना में 1.37 प्रतिशत ज्यादा रहा है।

तीन सत्रों के दौरान दो बार प्रथम व एक बार दूसरे नंबर पर रहा

बीते तीन सत्रों के परिणाम में झुंझुनूं दो बार पहले व एक बार दूसरे स्थान पर रहा। इस बार फिर जिला प्रथम स्थान पर रहा। सत्र 2022-23 के परिणाम में झुंझुनूं जिला 95.70 प्रतिशत व 2023-24 में 97.76 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रहा था। सत्र 2024-25 में 96.53 प्रतिशत के साथ जिले ने दूसरा स्थान पाया। मंगलवार को जारी परिणाम में एक बार फिर जिले ने प्रदेश में पहला नंबर हासिल किया है।

जिले के परीक्षा परिणाम पर एक नजर

पंजीकृत छात्र-16621
पंजीकृत छात्राए-13944
कुल पंजीकृत-30565

परीक्षा में शामिल हुए

छात्र-16288
छात्राएं-13775
कुल विद्यार्थी-30063

छात्रों की श्रेणीवार स्थिति

प्रथम श्रेणी-10864
द्वितीय श्रेणी-4336
तृतीय श्रेणी-623 कुल-15823
परिणाम प्रतिशत-97.15

छात्राओं की श्रेणीवार स्थिति

प्रथम श्रेणी-10988
द्वितीय श्रेणी-2352
तृतीय श्रेणी-231
कुल-13571
प्रतिशत-98.52

कुल छात्र-छात्राओं की श्रेणीवार स्थिति

प्रथम श्रेणी-21852
द्वितीय श्रेणी-6688
तृतीय श्रेणी-854
कुल-29394
परिणाम-97.77

हलवाई के बेटे ने बनाए 97.67 प्रतिशत अंक

बिसाऊ कस्बे में गढ़ के पास हलवाई का काम करने वाले व्यक्ति के बेटे ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में शानदार परिणाम दिया है। योगेश शर्मा के पुत्र कृष्ण शर्मा ने 97.67 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। कृष्ण ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्यययन व माता पिता के आशीर्वाद को दिया है।

जाबासर स्कूल छात्रा अनीज खान ने 97% अंक हासिल किए

शहीद नियामत अली राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जाबासर में बोर्ड परीक्षा परिणाम में छात्रा अनीज खान ने 97 प्रतिशत अंक हासिल किए। सीडीईओ अशोक कुमार शर्मा एवं सहायक निदेशक अशोक जांगिड़ ने पहुंचकर टॉपर विद्यार्थियों को माल्यार्पण कर मिठाई खिलाई सम्मान किया।

प्रधानाचार्य सीमा ने बताया कि कक्षा 10 में छात्रा अनीज खान ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय, गांव और जिले का नाम रोशन किया। द्वितीय स्थान पर जास्मीन (87.89%) एवं तृतीय स्थान पर आलिया (79.83%) रही। कक्षा 10 में कुल 19 विद्यार्थियों में से 10 प्रथम श्रेणी एवं 9 द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए।

बोर्ड परीक्षा परिणाम में झुंझुनूं के अव्वल रहने पर सीडीईओ अशोक शर्मा का सम्मान

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर द्वारा घोषित दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में झुंझुनूं जिले ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इसके चलते शिक्षकों व शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा को उनके कार्यालय पहुंचकर बधाई दी।

गुरुकृपा स्कूल घोड़ीवारा की अनुष्का के 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए

सीकर-झुंझुनू हाइवे घोड़ीवारा बालाजी स्थित गुरुकृपा स्कूल का 10 वीं इंग्लिश मीडियम का रिजल्ट रहा शानदार। स्कूल चेयरमैन महेन्द्र रणवां ने बताया कि स्कूल की छात्रा अनुष्का ने 99 प्रतिशत अंक, एंजेल ने 98.67 प्रतिशत, कनिष्का ने 98 प्रतिशत, हंसिका ने 97.67, मीतू कुमारी ने 97.33, गरिमा ने 97.17, खुशी ने 97, रश्मिता ने 96.67, नैतिक ने 96.67, रजनी ने 96.50, अभिनव सिंगोदिया ने 96.33, भव्य डोटासरा ने 96.17, रुचिका ने 96.17, राजश्री ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया।

ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल: 95 प्रतिशत अंक के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन

10वीं के परीक्षा परिणाम में ढिगाल रोड स्थित ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल का परिणाम सराहनीय रहा। विद्यालय की छात्रा आंचल ने गणित एवं विज्ञान दोनों विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर कुल 95 प्रतिशत अंक हासिल किए। संस्था निदेशक डॉ. महेश बिसु ने बताया कि आंचल, योगराज, हंसा, लक्की एवं जिया ने भी 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

महात्मा गांधी विद्यालय का परिणाम रहा 100 प्रतिशत

ग्राम परसरामपुरा स्थित महात्मा गांधी राजकीय विधालय का परिणाम 100 प्रतिशत रहा। विद्यालय के प्राचार्य महेश कुमार ने बताया कि कक्षा 10 में कुल 24 विधार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से प्रथम स्थान पर 20 व द्वितीय स्थान पर 04 विद्यार्थी रहे, जिनमे से दीक्षा चाहर ने 95.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, द्वितीय स्थान पर दीक्षा सैनी 94 प्रतिशत व तृतीय स्थान पर हर्षिता मीणा 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।

साक्षी ने 98.33 प्रतिशत अंक के साथ किया स्कूल टॉप

गणपति नगर स्थित राजस्थान पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय का कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा। छात्रा साक्षी ने 98.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रशासनिक सेवा में जाकर देश की सेवा करना चाहती है। विद्यालय परिसर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

जीबी मोदी पब्लिक स्कूल: जानवी ने 99.67, कृतिका ने 99.17 व मेहल ने 99 प्रतिशत अंक हासिल

राजपूताना शिक्षा मंडल की संचालित शाह मार्केट स्थित श्री जीबी मोदी पब्लिक स्कूल का कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी सर्वश्रेष्ठ रहा। विद्यालय की छात्रा जानवी ने 99.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, कृतिका ने 99.17 प्रतिशत तथा मेहल राणासरिया ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

पनोरमा स्कूल गुढ़ा के लक्षितमान ने 98.50 अंक लेकर किया गुढ़ा का नाम रोशन

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर के आज दसवीं के परीक्षा परिणाम में पनोरमा स्कूल के विद्यार्थियों ने फिर से शानदार रिजल्ट देकर अपना परचम लहराया है। पनोरमा स्कूल के इस शानदार परीक्षा परिणाम पर स्कूल के चेयरमैन डॉ. विकास गिल ने बताया कि लक्षितमान 98.50 अंकों के साथ विद्यालय में टॉप रैंक के साथ गुढ़ा को टॉप किया है।

इसी के साथ यश कुमार महला ने 98.00, भावेश महला 97.33, जारा सैयद 97.33,तनिष्का शर्मा 97.17, अन्नया 97.00, यष्टी ढाका 96.83, साफिया शेख 96.50, मो. रेहान 96. 00,अंशु चौधरी 95.50, मधु किरण 95.50, आशीष कुमार 95.17,रविंद्र बिजारणिया 95.00 प्रतिशत अंक प्राप्त करके विद्यालय व अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

नियमित अध्ययन और एकाग्रता से पाई सफलता

भीमसर हाल निवासी बसंत विहार की छात्रा कृतिका सिंह ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में 99.17 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। यूनियन बैंक गुढ़ा टोडी में ब्रांच मैनेजर विजयसिंह मीणा एवं एनएमटी कॉलेज में सह आचार्य डॉ. अनिता जैफ की पुत्री कृतिका वर्तमान में जीबी मोदी स्कूल की छात्रा है। कृतिका ने अपनी सफलता के पीछे नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति पूर्ण एकाग्रता को मुख्य कारण बताया।

उसने बताया कि वह प्रतिदिन पांच से छह घंटे पढ़ाई करती थी और पढ़ाई के दौरान पूरा फोकस बनाए रखती थी। इसी अनुशासन और मेहनत ने उसे यह मुकाम दिलाया। कृतिका ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग तथा अपनी निरंतर मेहनत और लगन को दिया है। परिवार का शैक्षणिक माहौल भी उसकी सफलता में सहायक बना। वह डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहती है।

दीया चोटिया के 99.33 प्रतिशत अंक

सरस्वती स्कूल बलवंतपुरा की छात्रा नवलगढ़ निवासी संजय चोटिया की पुत्री दीया चोटिया ने 10वीं बोर्ड में 99.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर गौरवान्वित किया है। दीया ने विज्ञान व संस्कृत में शत प्रतिशत तथा हिंदी, अंग्रेजी व सामाजिक विज्ञान तथा गणित में 99-99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। सफलता का श्रेय मम्मी, पापा, स्कूल प्रबंधन व अध्यापकों को दिया है।

नियमित पढ़ाई व रिविजन बना सफलता का आधार

झुंझुनूं जिले की प्रतिभावान छात्रा जाह्नवी ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में 99.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की है। अलसीसर क्षेत्र की रामू की ढाणी निवासी जाह्नवी की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जाह्नवी ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई और समयबद्ध रूटीन को दिया है।

परमहंस स्कूल: छात्रा संध्या और वैनवी के 98.17 प्रतिशत अंक

शहर की मंड्रेला रोड स्थित परमहंस (पीसीपी) स्कूल के होनहार विद्यार्थियों ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में टॉप कर नाम रोशन किया। निदेशक विक्रम जांगिड़ ने बताया कि छात्रा संध्या कुमारी तथा वैनवी मान ने 98.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया।

इसी प्रकार मेधावी विद्यार्थी निशांत ने 97.17, अनामिका तथा जितेश ने 96.67, अक्षिता ने 96.17, अंकित एवं निखिल कुमार ने 95.83, असमी ने 95.33, सूर्या ने 95.17, निखिल जांगिड़ तथा सुप्रिया ने 95 प्रतिशत अंक हासिल किए। निदेशक जांगिड़ ने बताया कि दो विद्यार्थियों ने 98 फीसदी से अधिक, 12 ने 95 तथा 38 छात्रों ने 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल कर नाम रोशन किया। निदेशक मनोज कुमार की देखरेख में मेधावी विद्यार्थियों का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया।

अनन्या 99.67 प्रतिशत अंक

झुंझुनूं में अंबेडकर नगर निवासी अनन्या ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में 99.67 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। अनन्या के पिता त्रिकालदर्शी सेठ मोतीलाल लॉ कॉलेज में लाइब्रेरियन हैं। छात्रा ने बताया कि पढ़ाई के दौरान उसने अनुशासन को सबसे अधिक महत्व दिया।

मोबाइल फोन का उपयोग केवल पढ़ाई तक सीमित रखा। स्कूल से आने के बाद वह पहले अपना होमवर्क पूरा करती थी और फिर कक्षा में पढ़ाए गए पाठ का नियमित रिविजन करती थी। उसका सपना भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनकर अपने कॅरियर को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।

बड़ी खबरें

View All

झुंझुनू

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग