
झुंझुनूं/नवलगढ़/पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क। क्षेत्र के गांव बसावा की नेहरा की ढाणी में 4 मार्च 2023 को हुई 32 वर्षीय युवक महेश कुमार की हत्या के मामले में सोमवार को पुलिस ने रिश्ते में महेश की चाची मंजू देवी व मंजू देवी के पति शिशुपाल को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी विनोद सांखला ने बताया कि आरोपी पति पत्नी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया।
मंजू देवी का प्रेमी विजेंद्र सिंह पहले ही हो चुका है गिरफ्तार:
न्यायालय ने दोनों को एक दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा है। मंजू देवी का प्रेमी विजेंद्र सिंह पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। इस मामले में महेश कुमार के पिता रणजीतसिंह पुत्र रामेश्वरलाल ने 5 मार्च को नवलगढ़ पुलिस थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया था। दर्ज मुकदमे के अनुसार 4 मार्च की शाम 7.30 बजे महेश कुमार के पास किसी महिला का फोन आया। उसके बाद महेश घर से निकलकर बाहर रास्ते की तरफ निकला ही था कि 3 धमाकों की आवाज आई और रणजीत सिंह ने बाहर जाकर देखा तो महेश मृत पड़ा हुआ था। उसी समय 3-4 लोग गाड़ी में बैठकर भागते हुए दिखाई दिए।
मृतक महेश कुमार की रिश्ते में चाची है मंजू:
मुकदमा दर्ज होने के बाद तत्कालीन थानाधिकारी व उप निरीक्षक गिरधारीलाल के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया गया। जांच में जुटाए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गढ़वालों की ढाणी खिरोड़ निवासी विजेंद्रसिंह पुत्र जगदीश प्रसाद को गिरफ्तार किया। जिसने गिरफ्तारी के बाद जुर्म स्वीकार कर लिया था। विजेंद्रसिंह अभी न्यायिक अभिरक्षा में है। विजेंद्रसिंह से हुई पूछताछ, मोबाईल कॉल डिटेल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर सोमवार को बसावा गांव से मंजू देवी व उसके पति शिशुपाल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मंजू देवी अपने प्रेमी विजेंद्रसिंह को धर्म भाई बताकर अकसर घर पर बुलाया करती थी तथा परिवार में जेठूता मृतक महेश कुमार पर गलत नियत रखने का आरोपी लगाती थी। इसी कारण मंजू देवी का पति शिशुपाल भी भतीजे महेश कुमार से रंजिश रखता था। 4 मार्च को मंजू देवी ने प्रेमी विजेंद्र सिंह को महेश द्वारा परेशान करने की बात कही तो विजेंद्र सिंह ने महेश को फोन पर गाली गलौच तथा मंजू देवी के पति शिशुपाल को भी बताया। इसके बाद शिशुपाल ने महेश के बड़े भाई राजवीर को विजेंद्र सिंह के हाथों मरवाने की धमकी दी। पुलिस ने बताया कि मंजू देवी ने अपने अवैध संबधों में बाधक बने भतीजे महेश कुमार की 4 मार्च शाम को विजेंद्र सिंह के हाथों हत्या करवा दी।
Published on:
17 May 2023 05:43 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
