16 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: कर्ज में डूबे युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, लिखा- शेयर बाजार में ठगा गया हूं, घर-जमीन तक बिक गए

झुंझुनूं जिले में कर्ज और शेयर बाजार ठगी से परेशान युवक ने शनिवार को ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। मृतक की जेब से मिले तीन पेज के सुसाइड नोट में कई लोगों पर डेढ़ करोड़ रुपए हड़पने, धमकाने और मानसिक प्रताड़ना देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

2 min read
Google source verification
jhunjhunu Suicide

मृतक विमल कुमार शर्मा (फोटो-पत्रिका)

झुंझुनूं। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर कथित ठगी और लगातार बढ़ते कर्ज के बोझ से परेशान एक युवक ने शनिवार सुबह ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की जेब से तीन पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नोट में करीब डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी, मानसिक प्रताड़ना और धमकियां मिलने का उल्लेख किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार सुबह करीब 8:43 बजे न्यू हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन फाटक के पास हुई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सीकर से रेवाड़ी जा रही पैसेंजर ट्रेन के सामने युवक ने अचानक छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार में मचा कोहराम

पुलिस ने मृतक की पहचान रीको क्षेत्र निवासी 42 वर्षीय विमल कुमार शर्मा के रूप में की है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और परिजनों को सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

इन लोगों पर पैसा हड़पने का आरोप

मृतक की जेब से मिले तीन पन्नों के सुसाइड नोट में मुकेश चौहान, स्वाति चौहान, उज्जवल लोहिया, यूबी भाटी सहित कुछ अन्य लोगों के नाम लिखे गए हैं। नोट में आरोप लगाया गया है कि इन लोगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर उससे करीब 1.5 करोड़ रुपए लिए और बाद में राशि वापस नहीं लौटाई। जब उसने अपने निवेश की रकम और लाभ की मांग की तो उसे कथित रूप से धमकियां दी जाने लगीं।

घर के गहने और जमीन तक बेचने पड़े

सुसाइड नोट में यह भी लिखा गया है कि आर्थिक दबाव लगातार बढ़ता गया और कर्ज चुकाने के लिए उसे घर, जमीन और गहने तक बेचने पड़े। इसके बावजूद हालात नहीं सुधरे और वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गया।

पुलिस पर भी उठाए गंभीर सवाल

मृतक ने नोट में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उसने लिखा कि शिकायत देने के बावजूद उसकी बात पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई और बिना गहराई से जांच किए मामला बंद कर दिया गया। उसने अपने पास कॉल रिकॉर्डिंग, बैंक स्टेटमेंट और अन्य दस्तावेजी सबूत होने की बात भी लिखी है।

माता-पिता से मांगी माफी

सुसाइड नोट में यह भी लिखा है कि उसने कई लोगों से कर्ज लेकर निवेश किया था और अब वह पूरी तरह टूट चुका है। साथ ही कुछ लोगों के पास उसके और उसके पिता के खाली चेक होने का भी उल्लेख किया गया है, जिन पर चेक बाउंस के मामले दर्ज हैं। अंत में मृतक ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए परिवार की देखभाल करने की अपील की और प्रशासन से परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

बड़ी खबरें

View All

झुंझुनू

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग