
सुडान से आयातित 1.66 करोड़ के तरबूज के बीज जब्त
जोधपुर।
केन्द्र सरकार के डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड (डीजीएफटी) ने गत तरबूज के बीज के आयात पर रोक लगा रखी है। इसके बावजूद सुडान से 360 मैट्रिक टन तरबूज का बीज जोधपुर मंगवाया गया। इंटेलीजेंस की सूचना पर कस्टम विभाग ने थार ड्राई पोर्ट में दबिश देकर तरबूज के बीज से भरे 20 कंटेनर जब्त किए। कस्टम विभाग के अधिकारियों के अनुसार भारतीय किसानों को संरक्षण व बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीजीएफटी ने 26 अप्रेल को नोटिफिकेशन जारी कर तरबूज के बीज का आयात करने पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद जोधपुर में भारी मात्रा में तरबूज के बीज आयात होने की सूचना मिली। इस पर कस्टम विभाग ने थार ड्राई पोर्ट की तलाशी ली, जहां सुडान से आयात हुए 20 कंटेनर में 360 मैट्रिक टन तरबूज के बीज पाए गए। इनकी लागत 1.66 करोड़ रुपए बताई जा रही है। कस्टम ने रोक के बावजूद आयात करने पर 360 तरबूज के बीज जब्त कर लिए। साथ ही आयात करने वाली फर्म किनसुख ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
काजू कतली व दवाओं में मिलाए जाते हैं बीज
तरबूज के बीज सफेद व काले होते हैं। जो स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद माने जाते है। इन बीजों का इस्तेमाल काजू की कतली बनाने में किया जाता है। वहीं, कुछ दवाइयों में भी इसका इस्तेमाल होता है।
Published on:
03 Jul 2021 07:05 pm
