
जोधपुर. जिला कलक्टर इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि जिले में एवियन इन्फलूएंजा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करें। जिले में स्थित वेटलैण्डस सहित तमाम ऐसे स्थान जहां पक्षी अधिक पाए जाते है वहां प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए।
गुरुवार शाम अपने कक्ष में बर्ड फ्लू के संबंध में पशुपालन, चिकित्सा, वन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए 17 रैपिड रेस्पंस टीमों का गठन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक जांच के लिए भेजे गए मृत पक्षियों की बर्ड फ्लू की रिपोर्ट नेगेटिव ही आई है। अपने घर की छतों या आस-पास मृत पक्षियों को देखें तो उसे हाथ लगाने की बजाय सुरक्षित निस्तारण के लिए सूचना पशुपालन कार्यालय द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 0291-2616422 पर दें।
मुर्गियों में नहीं फैला है संक्रमण
जिला कलक्टर ने कहा कि फिलहाल जिले में मुर्गियों में इस रोग के फैलने की कोई सूचना नहीं है। फिर भी पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा पोल्ट्री संचालकों को जागरूक करने व विशेष सतर्कता बरतने के उद्देश्य से वाट्सअप ग्रुप भी बनाया गया है। जिसमें जिले में स्थित समस्त पोल्ट्री फार्म के प्रतिनिधियों को जोड़ा जाकर सूचनाएं एकत्र की जा रही है। बैठक में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक जे.पी नंदवानी ने बर्ड फ्लू रोग के लक्षण, कुक्कुट पालकों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश सहित इस रोग से बचाव के लिए आवश्यक उपायों की जानकारी भी दी। बैठक में एडीएम प्रथम एम एल नेहरा, आरएफओ मानसिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. बलवंत मण्डा मौजूद थे।
Published on:
08 Jan 2021 03:26 pm
