10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

युवक का अपहरण कर ढाई लाख रूपए की मांगी फिरौती.. इस तरह चढ़े पुलिस के हत्थे

पुलिस ने सपियाराम के मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर तलाश शुरू की।
2 min read
Google source verification
crime

युवक का अपहरण कर ढाई लाख रूपए की मांगी फिरौती.. इस तरह चढ़े पुलिस के हत्थे

जोधपुर.
पैंसठ हजार रुपए के लेन-देन के विवाद में पावटा चौराहे के पास किसान भवन के आगे से एक युवक का अपहरण कर ढाई लाख रुपए बतौर फिरौती मांगी गई। वारदात के चौदह घंटे बाद बुधवार दोपहर सूचना मिलने पर हरकत में आई उदयमंदिर थाना पुलिस ने तीन-चार घंटे की मेहनत के बाद युवक को मुक्त करवाकर चारों अपहरणकर्ता को गिरफ्तार किया।

थानाधिकारी प्रदीप शर्मा के अनुसार पीपाड़ शहर थानान्तर्गत बेनण गांव निवासी सपियाराम (20) पुत्र उगमाराम देवासी का रावर गांव निवासी महेन्द्र देवासी से 65 हजार रुपए का विवाद है। महेन्द्र राशि लौटाने के लिए दबाव डाल रहा था। सपिया मंगलवार रात गांव पृथ्वीपुरा रसाला रोड स्थित बस स्टैण्ड पहुंचा और पैदल-पैदल किसान भवन के बाहर तक आया, जहां पहले से खड़े तीन युवकों ने उसे पकड़ लिया और जबरन मोटरसाइकिल पर बिठाकर मण्डोर कृषि मण्डी की तरफ ले गए। बाद में तीनों ने उसे बीजेएस में आरटीओ के पीछे स्थित किसी मकान के कमरे में बंद कर दिया। रात को सपिया के फोन से ही घरवालों को फोन कर ढाई लाख रुपए मांगे। रुपए न देने पर जान से मारने की धमकी तक दी गई।

इस संबंध में बुधवार सुबह ग्यारह बजे पुलिस को परिजन ने जानकारी दी। हरकत में आई पुलिस ने सपियाराम के मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर तलाश शुरू की। पीपाड़ शहर थाना पुलिस की मदद से पुलिस ने शाम को अपहरण का मुख्य आरोपी रावर गांव निवासी महेन्द्र (25) पुत्र अर्जुनराम देवासी, तिलवासनी गांव निवासी अशोक पुत्र जवरीलाल बिश्नोई व अमर पुत्र बाबूलाल बिश्नोई और बिलाड़ा निवासी रितुराज पुत्र हेमंत देवासी को गिरफ्तार किया। साथ ही बीजेएस में किराए के कमरे से सपियाराम को भी सकुशल मुक्त करा लिया गया। कार्रवाई में उप निरीक्षक रघुवीर शरण, हेड कांस्टेबल बींजाराम, कुशालराम, कांस्टेबल महेश, किशोर व बुद्धिप्रकाश शामिल थे।


मोबाइल की अंतिम लोकेशन से सुराग, कॉलोनी खंगाली

परिजन दो लाख रुपए लेकर मध्यरात्रि जोधपुर पहुंच गए। इस दौरान अपहरणकर्ता मोबाइल से सम्पर्क में थे। किसान भवन के पास पुलिस की जीप देख अपहरणकर्ता ठिठक गए। वे फिरौती लेने नहीं पहुंचे। बुधवार सुबह अपहरणकर्ताओं ने फिरौती लेकर पीपाड़ बुलाया। इसके बाद सपियाराम का मोबाइल बंद हो गया। उसकी अंतिम लोकेशन से बीजेएस में तलाश शुरू की। आधा दर्जन से अधिक गलियां खंगाली गई। तब एक मकान में कुछ युवकों पर संदेह हुआ। तलाशी लेने पर सपियाराम मिल गया। साथ ही तीन युवकों को पकड़ लिया गया। मुख्य आरोपी को पीपाड़ शहर थाना पुलिस की मदद से पकड़ा गया।