
लोहावट में नलकूप ठीक करने के दौरान ढह गई मिट्टी, दबने से दो लोगों की मौत
वीडियो : सीएल शर्मा/लोहावट. लोहावट थानातंर्गत सामराऊ के सारणनगर कृषि फार्म पर बीती रात हादसा हो गया। कृषि फार्म पर नलकूप ठीक करने के दौरान मिट्टी ढहने से 2 लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर लोहावट पुलिस मौके पर पहुंची तथा करीब 3 घंटों की मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शवों को बाहर निकाला गया। बाद में शवों को लोहावट में सीएचसी पर मोर्चरी पर रखवाए गए।
लोहावट थानाधिकारी इमरान खान ने बताया सोमवार देर रात सामराऊ के सारणनगर में मिट्टी ढहने उसमें दो लोगों के दबे होने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कृषिफार्म पर खराब नलकूप को ठीक करने के लिए नलकूप के पास जेसीबी की सहायता से 20 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया और उस गड्ढे में नलकूप ठीक करने के लिए तीन लोग उतरे थे। नलकूप की केसिंग को ठीक करने के बाद जैसे ही तीनों बाहर निकलने लगे अचानक से मिट्टी ढह गई।
मिट्टी ढहने के दौरान एक व्यक्ति बाहर निकल गया। वहीं दो लोग श्रवण पुत्र झूमरराम देवड़ा निवासी खवासपुरा बोरूंदा व जवरीलाल पुत्र पुनाराम विश्नोई निवासी भीमसागर मिट्टी में दब गए। ग्रामीणो व दो जेसीबी के सहयोग से करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों मृतको के शवो को लोहावट में राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की मोर्चरी पर रखवाए गए।
Published on:
09 Jun 2020 12:56 pm
