
कार में ताम्बे 240 प्लेटें और 78 रोल जब्त, चार गिरफ्तार
जोधपुर।
एयरपोर्ट थानान्तर्गत (Police station Airport) पांच बत्ती चौराहा व ग्रीन गेट के बीच सोमवार रात्रिगश्त के दौरान ताम्बा से भरी एक कार जब्त कर चार जनों को गिरफ्तार किया गया। बिल व बिल्टी न होने पर संदिग्ध मानकर ताम्बे की 240 प्लेटें और 78 रोल जब्त किए गए हैं। (Copper seized from Car)
थानाधिकार शैफाली सांखला ने बताया कि पांच बत्ती चौराहा व ग्रीन गेट के बीच गश्त के दौरान बीकानेर नम्बर की एक कार अधिक वजन भरा होने की वजह से संदिग्ध नजर आई। गश्त कर रहे निरीक्षक रमेश खिडि़या व कांसटेबल चालक मोहन बिश्नोई ने कार रुकवाई। तलाशी लेने पर कार में भारी तादाद में ताम्बा भरा होने का पता लगा। तीन बोरों ने ताम्बे की 240 प्लेटें और 18 कार्टन में ताम्बे के 78 रोल भरे थे। पुलिस ने ताम्बा व कार में सवार चार जनों को एयरपोर्ट थाना पुलिस के सुपुर्द किया। चारों को थाने लाया गया। बिल व बिल्टी पेश न कर पाने के चलते पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 102 में ताम्बा जब्त कर लिया। कार भी जब्त की गई। मूलत: बीकानेर जिले में डूंगरगढ़ हाल कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 8जे निवासी रामप्रताप (62) पुत्र हनुमानाराम शर्मा व उसके भतीजे डूंगरगढ़ निवासी शंकरलाल (26) पुत्र जयनारायणलाल शर्मा और ओसियां थानान्तर्गत पांचला खुर्द निवासी रमेश कुमार पुत्र पप्पूराम व अशोक कुमार पुत्र जोगाराम को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जिन्हें बाद में जमानत मुचलके पर छोड़ दिया गया।
पुलिस बोली, दिल्ली से ट्रक में आया था ताम्बा
पुलिस का कहना है कि चाचा व भतीजे की ट्रांसपोर्ट कम्पनी है। दिल्ली से आए ट्रक में ताम्बा लाया गया था। जो मण्डोर नौ मील पर सेल्स टैक्स ने जबत कर रखा है। उसमें से ताम्बा कार में डालकर चाचा व भतीजा अपनी ट्रांसपोर्ट कम्पनी ले जा रहे थे। वहीं, सूत्रों की मानें तो प्रारिम्भक पूछताछ में चाचा व भतीजे ने सेल्सटैक्स अधिकारी से ताम्बा लाने की जानकारी दी थी, लेकिन बाद में उन्होंने इससे इनकार कर दिया था।
Published on:
20 Sept 2023 12:12 am
