10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जेल से छूटते ही शराब व्यवसायी के मकान से चुराए थे 30 लाख रुपए

- सूने मकान के ताले तोड़कर नकबजनी का खुलासा, दो गिरफ्तार, 6.83 लाख रुपए व चोरी की मोपेड जब्त- मोपेड व मोबाइल चुराकर की थी नकबजनी, एक आरोपी केदारनाथ व हरिद्वार भागा, आखिर में जयपुर से पकड़ा
2 min read
Google source verification
जेल से छूटते ही शराब व्यवसायी के मकान से चुराए थे 30 लाख रुपए

जेल से छूटते ही शराब व्यवसायी के मकान से चुराए थे 30 लाख रुपए

जोधपुर।
माता का थान थाना पुलिस ने बोड़ीवाला बेरा स्थित शराब व्यवसायी के सूने मकान से 30 लाख रुपए व आभूषण चोरी का खुलासा कर रविवार को दो युवकों को गिरफ्तार किया। चोरी में प्रयुक्त मोपेड व चोरी के 6.83 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। एक आरोपी वारदात से कुछ घंटे पहले ही जमानत पर छूटा था और फिर मोपेड व मोबाइल चुराकर साथी के साथ नकबजनी की थी।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) डॉ अमृता दुहन ने बताया कि गत 28 जुलाई की रात प्रीतम सिंह उर्फ कालू के मकान से 30 लाख रुपए और आभूषण चोरी कर लिए गए थे। एसीपी मण्डोर पीयूष कविया, थानाधिकारी प्रेमदान व शिवलाल मीणा के नेतृत्व में 550 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी पहलूओं से जांच के बाद राहुल उर्फ खट्टुड़ी व देवीलाल उर्फ देवाराम भील को नामजद किया गया।
जयपुर की एक होटल में दबिश देकर राहुल को पकड़ा गया। फिर जोधपुर में कच्ची बस्ती से देवीलाल को हिरासत में लिया गया। वारदात स्वीकारने पर मसूरिया के बलदेव नगर में भील बस्ती निवासी राहुल उर्फ खट्टूडी (25) पुत्र नैनाराम भील व देवीलाल उर्फ देवाराम (29) पुत्र भीखाराम भील को गिरफ्तार किया गया। इनसे चोरी के 6.83 लाख दो सौ रुपए व वारदात में प्रयुक्त कायलाना रोड पर रिसोर्ट के बाहर से चोरी की मोपेड बरामद की गई।
जमानत पर छूटते ही बड़ा हाथ मारा, फिर जेल पहुंचे
राहुल शातिर बदमाश है। उस पर 9 मामले दर्ज हैं। वह 24 जुलाई और देवीलाल उर्फ देवाराम 28 जुलाई को जमानत पर जोधपुर जेल से छूटे थे। बाहर आते ही देवीलाल ने राहुल से सम्पर्क किया था। प्रतापनगर थानान्तर्गत कायलाना रोड पर रिसोर्ट के बाहर से मोपेड और एक मोबाइल चुराया था। फिर दोनों बड़ा हाथ मारने निकल गए थे। राहुल का ननिहाल बासनी तम्बोलिया में है। इसलिए दोनों उस क्षेत्र में पहुंचे और बोड़ीवाला बेरा में प्रीतम सिंह के मकान पर ताला लगा देख चोरी करना तय किया था। चोरी के दौरान शराब व्यवसायी परिवार सहित हरिद्वार गए हुए थे।
केदारनाथ व हरिद्वार में तलाश, फर्जी आइडी से होटल में रूके

पुलिस ने 550 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। अभय कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर के कैमरों से भी सुराग जुटाए। दोनों को नामजद किया गया, लेकिन तब तक राहुल के केदारनाथ भागने का पता लगा। पुलिस केदारनाथ पहुंची, लेकिन राहुल हरिद्वार निकल चुका था। पुलिस ने हरिद्वार में तलाश की, लेकिन तब तक उसके जयपुर पहुंचने का पता लगा। आखिरकार साइबर सैल के एएसआइ राकेशसिंह की मदद से हेड कांस्टेबल हनुमान देवासी, कांस्टेबल रिछपालसिंह, राकेश पूनिया व महेन्द्र सिंह ने होटल में फर्जी पहचान पत्र से रूके राहुल को पकड़ लिया।