
फलोदी. नगरपालिका मण्डल, फलोदी की साधारण सभा व इस कार्यकाल की अंतिम बजट बैठक गुरुवार को नगरपालिका सभा भवन में आयोजित हुई।
बैठक को सम्बोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष कमला थानवी ने कहा कि बोर्ड के कार्यकाल में विकास के कई कार्य करवाए गए है। जिसमें राज्य सरकार, सासंदों व विधायक के सहयोग से पालिका भवन, अटल सभा भवन, अंबेडकर भवन, अंबेडकर उद्यान, गौरव पथ, शौचालय आदि का निर्माण हुआ है। अब तक नगरपालिका द्वारा ३८ करोड़ के कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में कोई कमी नहीं रखी गई है। अब वर्ष २०१९-२० के बजट में प्रत्येक पार्षद की अनुशंसा पर उनके वार्ड में १० लाख रुपए के विकास कार्य करवाए जाने का प्रस्ताव है। साथ ही पूर्व नगरपालिकाध्यक्ष स्व. मोहनलाल बोहरा व श्रीमती संतोष व्यास के नाम से कोई स्थान बनाकर नामकरण किया जाएगा। १३५ सफाईकर्मियों भर्ती का बकाया भुगतान ८.५० करोड़ में से ५.३० करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। जल्द ही सीवरेज लाइनों की सफाई के लिए जेट मशीन खरीद के आदेश हो गए है। बैठक में पार्षद कोटे, रोशनी व्यवस्था, कर्मचारियों के लिए बायोमैट्रिक हाजरी की व्यवस्था लागू करने, नगरपालिका की आय बढ़ाने सहित मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में अधिशासी अधिकारी अविनाश शर्मा, उपाध्यक्ष दीपक सोनी, नेता प्रतिपक्ष हरिकिशन व्यास, पार्षद पन्नालाल व्यास, रमेश थानवी, सलीम नागौरी, प्रदीप भार्गव, कंवरलाल माली, कांता व्यास आदि कई पार्षद उपस्थित रहे।
यह रखे प्रावधान-
बजट 2019-20 में आईडीएसएमटी में 60 लाख, आईएचएसडीपी में 2 करोड़, विधायक निधि से 1 करोड़, सांसद निधि से 1 करोड़, पंचम राज्य वित्त आयोग के तहत नई सड़क व मरम्मत के लिए 2 करोड़, नाला व नाली निर्माण व मरम्मत पर 1.5 करोड़, वर्षा जल निकासी के लिए 40 लाख, वित्त आयोग के तहत घर-घर कचरा संग्रहण पर 50 लाख, सड़क निर्माण व मरम्मत पर 1 करोड़, नाला व नाली निर्माण व मरम्मत पर 80 लाख, सीवरेज के लिए 20 लाख, रोशनी व्यवस्था के लिए 50 लाख, लेखांकन व अंकेक्षण के लिए 60 लाख, उद्यान निर्माण पर 50 लाख, स्वच्छ भारत मिशन में 80 लाख, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन में 50 लाख, नगरपालिका फण्ड से नई सड़कों के निर्माण पर 50 लाख, अन्य निर्माण कार्यों पर 1 करोड़, रखरखाव पर 20 लाख, बिजली लाइनों में वृद्धि के लिए 25 लाख, योजनाओं के सर्वे के लिए 20 लाख का प्रावधान रखा गया है।
------------------------
Published on:
15 Feb 2019 11:01 am
