
कैलाश सारस्वत/जोधपुर. उदयपुर में सर्किट बेंच बनाने के विरोध में जोधपुर के अधिवक्ताओं की 21 मई से चल रही हड़ताल के दौरान बुधवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन तथा लायर्स ऐशोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में न्यायालय परिसर में धरना स्थल पर अधिवक्ताओं ने सुबह 9 बजे से रक्तदान चालू किया। अभी तक 17 अधिवक्ताओं ने अपना रक्त देकर विरोध दर्ज करवाया हैं। शिविर दोपहर एक बजे तक जारी रहा। महासचिव धनराज वैष्णव ने बताया कि अधिवक्ता अब भी गांधीवादी तरीके से सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करवा रहे हैं। अभी तक शांति मार्च भजन संध्या प्रार्थना सभाएं तथा देशभक्ति गीत गाकर अपना विरोध दर्ज करवाया है। इसी कड़ी में बुधवार को अधिवक्ता शहर की जनता तथा राज्य सरकार को रक्तदान के माध्यम से संदेश देना चाहती है कि अधिवक्ता अपनी मांगों के प्रति सजग एवं सक्रिय हंै। रक्तदान शिविर के दौरान अध्यक्ष रणजीत जोशी, लॉयर्स के अध्यक्ष कुलदीप माथुर, उपाध्यक्ष कपिल बोहरा, सचिव दिलीप शर्मा, कोषाध्यक्ष पुखराज गोदारा सहित 70 से अधिक अधिवक्ता उपस्थित रहे।