10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ऑनलाइन रमी में 5 लाख हारने पर घरवालों से डरकर रची थी लूट की साजिश

- लोहावट में युवक से लूट का खुलासा
2 min read
Google source verification
ऑनलाइन रमी में 5 लाख हारने पर घरवालों से डरकर रची थी लूट की साजिश

ऑनलाइन रमी में 5 लाख हारने पर घरवालों से डरकर रची थी लूट की साजिश

जोधपुर/लोहावट.
लोहावट थानान्तर्गत छीला गांव के पास चौराहा पर एक युवक ने एक लाख रुपए लूट की सूचना देकर पुलिस की परेड करा दी। युवक ऑनलाइन रमी गेम में पांच लाख रुपए हार गया था। घरवालों के डर से उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ डाली थी। संदेह के चलते सख्त पूछताछ में उसने हकीकत बयान कर दी। तब पुलिस ने राहत की सांस ली।

थानाधिकारी इमरान खान ने बताया कि मंगलवार रात साढ़े आठ बजे लोर्डिया निवासी भंवरूराम पुत्र गोमदराम जाट ने लूट की सूचना दी थी। उसका आरोप था कि छीला गांव के चौराहा स्थित जोधपुर-फलोदी स्टेट हाइवे पर उसके साथ लूट हुई है। लुटेरों ने उससे एक लाख रुपए लूटे हैं।

पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से लुटेरों के बारे में जानकारी लेने लगी। साथ ही लुटेरों की तलाश में दो टीमें गठित कर जालोड़ा, कुशलावा, डेरियों की ढाणी, कोलूपाबूजी रोड पर नाकाबंदी करवाई। सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए गए। प्रारम्भिक जांच में ही लूट को लेकर संदेह होने लगा। युवक से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया। उसने लूट होने से इनकार कर दिया। उसने बताया कि मोबाइल में ऑनलाइन गेम रमी में वह 5 लाख रुपए हार चुका है। घरवालों की डांट-फटकार से बचने के लिए उसने लूट होने की झूठी घटना रची थी।
ऐसे हुआ वारदात पर संदेह

वारदात को लेकर युवक बार-बार बयान बदल रहा था। वह कभी एक लाख रुपए तो कभी 75 हजार व 50 हजार लूटने की जानकारी देता रहा। लुटेरों के पास कभी सफेद तो कभी काली गाड़ी होने की जानकारी दी। लुटेरों की संख्या भी अलग-अलग बताई। तब पुलिस को संदेह हो गया। करीब 1 घंटे बाद उसने 5 लाख रुपए ऑनलाइन गेम में हारने पर लूट की झूठी कहानी रचना स्वीकार किया।

तीस हजार रुपए खो भी गए

पूछताछ में उसने बताया कि रुपए हारने के बाद उसे दो दिन तक नींद नहीं आई। उसके पास तीस हजार रुपए थे। जो वह जोधपुर गया तब कहीं खो गए थे।