10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

एम्बुलेंस चालक की सजगता से लूट के दोनों आरोपी गिरफ्तार

- महिला के गले से सोने की कण्ठी लूट का खुलासा- महिला से धक्का-मुक्की करने का वीडियो बना पुलिस को भेजा तो पहचान हुई लुटेरों की
less than 1 minute read
Google source verification
एम्बुलेंस चालक की सजगता से लूट के दोनों आरोपी गिरफ्तार

एम्बुलेंस चालक की सजगता से लूट के दोनों आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर.
एम्बुलेंस चालक की सजगता व सूझबूझ के चलते करवड़ थाना पुलिस ने नागौर रोड पर टूंट की बाड़ी के पास महिला के गले से सोने की कण्ठी लूट का पर्दाफाश कर सोमवार को दोनों युवकों को बापर्दा गिरफ्तार किया। कण्ठी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
थानाधिकारी भरत रावत के अनुसार गत १७ जुलाई को टूंट की बाड़ी में डेयरी से कुछ दूरी पर करनू (नागौर) निवासी मांगीदेवी पत्नी भंवराराम प्रजापत के गले से सोने की डेढ़ तोला कंठी मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने लूट ली थी। इसी रात एम्बुलेंस का एक चालक मरीज को लेकर नागौर रोड से जोधपुर आ रहा था। टूंट की बाड़ी के पास दो संदिग्ध युवक एक महिला से बदसलूकी व धक्का-मुक्की करते नजर आए। अंधेरा होने के बावजूद चालक ने एम्बुलेंस धीरे की और दोनों युवकों का वीडियो बना लिया। साथ ही कार्रवाई के लिए वीडियो करवड़ थाना पुलिस को भेज दिया।

हुलिए के आधार पर पुलिस दोनों लुटेरों की तलाश कर रही थी। चालक के भेजे वीडियो में उससे मिलते-जुलते युवक नजर आ गए। इनकी तो पहचान कर तलाश शुरू की गई। कांस्टेबल राजेश, सुभाषचन्द्र, गिरवरसिंह, सुरेशदास, प्रकाश, अर्जुनराम, सहदेव, कानाराम, अकरम व केसरसिंह ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर रातानाडा की नेहरू कॉलोनी निवासी राहुल (२७) पुत्र देवीलाल वाल्मिकी व इन्द्रा कॉलोनी निवासी अंकित उर्फ शेखर (२२) पुत्र राजेन्द्र नायक को हिरासत में लिया। पूछताछ में वारदात स्वीकारने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने एम्बुलेंस चालक का नाम गोपनीय रखा है। जिसे बाद में सम्मानित किया जाएगा।

स्मैक के लिए कर रहे थे लूटपाट

आरोपियों से जांच में सामने आया कि वे स्मैक के आदी हैं और नशे की तलब पूरी करने के लिए लूटपाट कर रहे थे। शहर की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।