10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भरी सर्दी में जोधपुर में पसरी राजनीतिक गर्माहट, गृहमंत्री शाह मुख्यमंत्री गहलोत के गढ़ में करने वाले हैं जनजागरण सभा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और नेशनल रजिस्टर फॉर सिटीजन (एनआरसी) के समर्थन में शुक्रवार को जनजागरण सभा सम्बोधित करेंगे। इसके लिए भाजपा पूरे संभाग से भीड़ जुटाने का प्रयास कर रही है।
2 min read
Google source verification
amit shah janjagran sabha in jodhpur home town of CM ashok gehlot

भरी सर्दी में जोधपुर में पसरी राजनीतिक गर्माहट, गृहमंत्री शाह मुख्यमंत्री गहलोत के गढ़ में करने वाले हैं जनजागरण सभा

जोधपुर. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और नेशनल रजिस्टर फॉर सिटीजन (एनआरसी) के समर्थन में शुक्रवार को जनजागरण सभा सम्बोधित करेंगे। इसके लिए भाजपा पूरे संभाग से भीड़ जुटाने का प्रयास कर रही है। भाजपा ने जनजागरण सभा के लिए प्रदेश में जोधपुर शहर को चुना। प्रदेश में यहीं सबसे ज्यादा हिंदू विस्थापित निवास करते हैं। सीएम अशोक गहलोत लगातार सीएए का विरोध करते आए हैं और प्रदेश में इसे लागू नहीं करने की बात भी कह चुके हैं। गहलोत के गढ़ जोधपुर से भाजपा का जनजागरण कई संदेश देता है। खास बात यह है कि सीएम गहलोत भी शुक्रवार को शहर में पांच कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

हिंदू विस्थापितों पर जोर
जनजागरण सभा कमला नेहरू नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर स्कूल का केशव परिसर में होगी। सभा में 50 हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य है। भीड़ में सर्वाधिक हिंदू विस्थापित लाने के भी टारगेट दिए गए हैं। जोधपुर में करीब 17 से 20 हजार हिंदू विस्थापित हैं। संभाग के सभी विधायकों व सांसदों के साथ बड़े नेताओं को भीड़ लाने के टारगेट दिए गए हैं।

बड़े नेता जुटे
सभा की तैयारियों की कमान केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने अपने हाथ में ले रखी है। उन्होंने शहर के कई मोहल्लों में पैदल घूमकर लोगों से सभा में आने का अनुरोध किया।भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, विधानसभा उप नेता राजेन्द्र राठौड़, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर और युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अशोक सैनी भी सभा को सफल बनाने में जुटे हैं।

शाह के स्वागत में लगाए झंडे हटाए, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री शाह के स्वागत के लिए शहर में कई जगह सजावट की गई और पार्टी के झंडे लगाए गए थे। लेकिन सरकार के इशारे पर कर्मचारियों ने कई चौराहों पर से यह झंडे व सजावट का सामान हटा दिया। भाजपा पदाधिकारियों ने रेजिडेंसी रोड पर नारेबाजी कर विरोध दर्ज करवाया। साथ ही कहा कि राज्य सरकार का ऐसा ही रवैया जारी रहा तो वे शुक्रवार को सडक़ों पर उतरेंगे।