
लूट का एक और आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर. प्रतापनगर थाना पुलिस ने नौ-सेना में भर्ती परीक्षा देने आए छात्र से माचिया सफारी पार्क के पास लूटपाट करने के मामले में फरार एक और आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया।
सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर) नीरज शर्मा के अनुसार प्रकरण में सूरसागर थानान्तर्गत चांदपोल में गायों की गौर निवासी दिलीपसिंह पुत्र छत्तरसिंह को गिरफ्तार किया गया था। जो वारदात के बाद फरार हो गया था। उसे बापर्दा गिरफ्तार किया गया है। थानाधिकारी अमित सिहाग ने बताया कि आरोपी दिलीप को सोमवार को कोर्ट में पेश कर शिनाख्त परेड के लिए न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया जाएगा। इस मामले में चांदपोल निवासी शक्तिसिंह चौहान व विजय राठौड़ को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
गौरतलब है कि बीकानेर में छत्तरगढ़ थानान्तर्गत खारबारा निवासी गोविंदराम व सुरेन्द्र नौ-सेना में भर्ती परीक्षा देने के बाद घूमने के लिए माचिया सफारी पार्क व कायलाना झील गए थे। माचिया सफारी पार्क के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने गोविंद से पर्स व मोबाइल लूट लिए थे।
Published on:
10 Feb 2020 02:02 am
