
कायलाना में सेना का बाढ़ बचाव राहत का अभ्यास
जोधपुर. आर्मी की ओर से गुरुवार सुबह शहर की कायलाना झील में बाढ़ बचाव राहत कार्यों के प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान सेना के जवानों ने पानी में डूबे व्यक्तियों को बाहर निकालकर हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और नागरिकों की विभिन्न तरीके से मदद करने का अभ्यास किया।
आर्मी की 10 पैरा यूनिट के जवानों ने वायु सेना के रूद्र हेलीकॉप्टर और आर्मी के चीता हेलीकॉप्टर की सहायता से बचाव कार्यों का प्रशिक्षण लिया। इस दौरान आर्मी के कमांडो नाव के जरिए झील में कूदकर डूबते व्यक्तियों को नौका तक लेकर आए। इसके बाद हेलीकॉप्टर से रस्सी के जरिए जवानों ने अपलिफ्टिंग की। हवा में खड़े हेलीकॉप्टर की एक रस्सी से 4 जवानों को लटकता देखकर आसपास के क्षेत्रवासी अचंभित रह गए। हेलीकॉप्टर रस्सी से लटके जवानों को लेकर ही अन्यत्र मूवमेंट पर गया। कुछ जवानों ने हेलीकॉप्टर की रस्सी के जरिए सीधा कायलाना झील में उतरने का प्रशिक्षण लिया।
आर्मी और एयरफोर्स की ओर से अक्सर बाढ़ बचाव राहत का संयुक्त अभ्यास किया जाता है। इस दौरान एयरफोर्स अपना हेलीकॉप्टर आर्मी के जवानों को मुहैया करवाता है।
Published on:
08 Jan 2021 05:14 pm
