
Asaram (Patrika File Photo)
Asaram News: जोधपुर: नाबालिग से यौन शोषण के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम और उनके सह-आरोपियों की अपीलों पर राजस्थान हाईकोर्ट में आज (मंगलवार) से नियमित सुनवाई शुरू होने जा रही है। सोमवार को यह सुनवाई अधिवक्ताओं की व्यक्तिगत कठिनाइयों और पारिवारिक शोक के कारण एक दिन के लिए टाल दी गई थी।
सोमवार को न्यायाधीश अरुण मोंगा और न्यायाधीश योगेंद्र कुमार पुरोहित की खंडपीठ के समक्ष सुनवाई शुरू होनी थी। हालांकि, आसाराम के वरिष्ठ अधिवक्ता के परिवार में शोक होने और अन्य सह-आरोपियों के वकीलों द्वारा व्यक्तिगत कारणों से समय मांगे जाने पर कोर्ट ने उदारता दिखाई। खंडपीठ ने संक्षिप्त मोहलत देते हुए सभी अपीलों को मंगलवार के लिए सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए।
हाईकोर्ट ने साफ कर दिया है कि सुनवाई में अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अदालत के मुख्य बिंदु निम्नलिखित रहे।
कोर्ट ने निर्देश दिया है कि जो भी अधिवक्ता मंगलवार को उपस्थित होंगे, वे अपनी बहस शुरू करेंगे। शेष वकील बाद में कार्यवाही का हिस्सा बन सकेंगे।
सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार, इन अपीलों का निस्तारण एक निश्चित समय सीमा के भीतर करना अनिवार्य है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि अब इन अपीलों पर 'डे-टू-डे' (दिन-प्रतिदिन) आधार पर सुनवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि आसाराम को साल 2018 में जोधपुर की एक विशेष अदालत ने नाबालिग से यौन शोषण का दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसी सजा को चुनौती देते हुए आसाराम और अन्य आरोपियों ने हाईकोर्ट में अपील दायर कर रखी है।
Updated on:
17 Feb 2026 10:32 am
Published on:
17 Feb 2026 10:32 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
