
video : gautam udelia/जोधपुर. पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत मंगलवार को वायुमार्ग से जोधपुर पहुंचे। जोधपुर एयरपोर्ट पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोश व उत्साह के साथ गहलोत का स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों के सवालों से रू-ब-रू हुए गहलोत ने कहा कि जनता ने मन में तय कर लिया है कि इस बार उसे किसे चुनना है। शाह की रैलियां और मैडम के लटके-झटके इस बार नहीं चलने वाले हैं। इस बार के चुनावों में भारी बहुमत कांग्रेस को ही मिलेगा। टिकट वितरण के सवाल पर गहलोत ने कहा कि इस प्रक्रिया का कार्य टीम बना कर किया जा रहा है। उम्मीदवार चुनने में ट्रांसपेरेंसी रखी जा रही है। फिर प्रत्याशियों को चुना जाएगा। सच्चा कांग्रेसी वही होगा जो टिकट मिलने के बाद काम में जुट जाएगा। पीएम मोदी पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में देश के हालात किसी से छिपे हुए नहीं हैं। आज संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। देश की सर्वोच्च संस्थानों को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अब सवाल लोकतंत्र को बचाने का है। विधानसभा और लोक सभा चुनावों में लोग कांग्रेस का साथ देंगे। उन्होंने कहा कि मैं मरते दम तक अपने कथन मैं थांसू दूर नहीं पर अडिग रहूंगा। मुझसे जो हो सका मैंने वह काम राजस्थान की जनता के लिए किया है। राजस्थान के लोगों की मैं अंतिम सांस तक सेवा करता रहूंगा। आखिर में उन्होंने कहा कि इस बार जनता का जादू चलेगा।
गहलोत मंगलवार को शहर के सरदारपुरा, शहर व सूरसागर तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। इसके बाद दूसरे दिन बुधवार सुबह 10 बजे देहात के लूणी, ओसियां, बिलाड़ा, फलोदी, लोहावट, भोपालगढ़ व शेरगढ़ विस क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। इस बीच कई टिकटार्थी शक्ति प्रदर्शन भी करते नजर आएंगे। कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता डॉ. अजय त्रिवेदी ने बताया कि दोनों ही दिन वे कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिलाध्यक्ष सईद अंसारी की अध्यक्षता में जेडीए के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र सोलंकी व राजसिको के पूर्व चेयरमैन सुनील परिहार की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है। जिसके अंतर्गत विभिन्न उप समितियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को विधानसभा क्रम के अनुसार मिलवाया जाएगा। देहात जिला कांग्रेस के अध्यक्ष हीरा राम मेघवाल ने बताया कि बुधवार प्रात: 10 बजे से पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत देहात कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विधानसभा क्षेत्रवार मिलेंगे।