
video : SK Munna/जोधपुर. सरदारपुरा क्षेत्र से अपना नामांकन भरने के बाद बैक-टू-बैक जनसंपर्क करने में जुटे पूर्व मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह मेवाड़ क्षेत्र में प्रचार के लिए रवाना हो गए। यहां जोधपुर एयरपोर्ट पर उन्हें विदा करने के लिए भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद दिखे। यहां आने से पहले रातानाडा स्थित एक निजी होटल से रवाना होने के दौरान विमान के पायलट ने बताया कि फिलहाल एयरपोर्ट खुला नहीं है और विमान जाने में कुछ समय की देरी है। ऐसे में पायलट ने गहलोत को कुछ देर इंतजार करने का आग्रह किया। इसके बाद गहलोत वापस विश्राम करने के लिए अपने कमरे में चले गए। एयरपोर्ट पहुंचने पर गहलोत ने अपने पांच दिनों में 10 विधानसभा क्षेत्रों के दौरे के बारे में पत्रकारों के सवाल पर बातचीत करते हुए कहा कि पांच साल तक मुख्यमंत्री राजे ने लापरवाही से सरकार चलाई है। इससे लोगों में रोष है। बजरी पर रोक कर के अवैध बजरी खनन को बढ़ावा दिया इससे जनता में गुस्सा है। हमारी योजनाओं को रोक कर उन्होंने अपनी योजनाएं बनाईं जो सफल नहीं रहीं। इस बात को अब जनता समझ चुकी है। लोगों में हमने कांग्रेस के प्रति रुझान देख लिया है।