
जोधपुर. सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सूर्यकांता व्यास ने आठवीं बार टिकट मिलने पर कहा कि वे अभी जवान हैं और कार्यकर्ताओं का सम्मान करती हैं। उन्होंने कहा कि वे इस बार भी चुनाव में जीतेंगी और जनता के फिर से काम करवाएंगे। इधर उन्हें टिकट मिलने की खुशी में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटीं।
भतीजे को टिकट पर बधाई दी
शहर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कैलाश भंसाली की जगह उनके भतीजे अतुल भंसाली को टिकट मिलने पर परिजनों ने बधाई दी। अतुल भंसाली टिकट की घोषणा का इंतजार कैलाश भंसाली के शास्त्रीनगर में स्थित घर पर कर रहे थे। वहीं महापौर घनश्याम ओझा के साथ कार्यकर्ताओं ने अतुल भंसाली को मिठाई खिला कर बधाई दी। अतुल भंसाली ने कहा कि पार्टी ने जमीनी स्तर के कार्यकर्ता को टिकट दिया है। वे भी जीत कर दिखाएंगे। शंभूसिंह खेतासर को सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र से टिकट मिलने पर उनकी पत्नी ने मिठाई खिला कर बधाई दी। वहीं कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आतिशबाजी कर जश्न मनाया।
जनता की जीत होगी
लूणी विधानसभा क्षेत्र से विधायक जोगाराम पटेल को टिकट मिलने की सूचना मिलते ही बधाई देने के लिए कार्यकर्ताओं की घर के बाहर भीड़ लग गई। जोगाराम पटेल को उनकी पत्नी और नगर निगम महापौर घनश्याम ओझा ने मिठाई खिला कर बधाई दी। लूणी विधानसभा क्षेत्र से कई ग्रामीण भी बधाई देने के लिए घर पहुंचे। जोगाराम पटेल ने कार्यकर्ताओं के साथ आतिशबाजी की। जोगाराम ने कहा कि इस बार भी जनता की जीत होगी।
कांग्रेस ने कहा, सभी रिपीट हुए जीत हमारी होगी
नई सड़क के पास जेडीए के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्रसिंह सोलंकी के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा में 131 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा होने पर बधाई दी। सोलंकी ने बताया कि जोधपुर जिले में सभी टिकट रिपीट हुए, इस बार जीत हमारी ही होगी।