
एटीएम तोडऩे का प्रयास, सायरन बजा तो भागे बदमाश
जोधपुर. बोरानाडा थानान्तर्गत बाड़मेर रोड पर पाल गांव के पास आंध्रा बैंक के एटीएम को दो युवकों ने बुधवार रात एक बजे लोहे के सरिए से तोडक़र चोरी का प्रयास किया। इस दौरान सायरन बजने एवं टू-वे सिस्टम के माध्यम से मुंबई में मुख्य सर्वर स्टेशन से चेतावनी मिली तो बदमाश डर के भाग गए।
थानाधिकारी सुनील चारण के अनुसार डीपीएस चौराहे के निकट पाल गांव की तरफ मुख्य रोड पर आंध्रा बैंक व एटीएम है। रात करीब एक बजे दो युवक एटीएम में घुसे। एक युवक ने हेलमेट पहन रखा था। कार्ड स्वैप करने के बाद एक युवक बाहर आया और लोहे के सरिया लेकर लौटा। फिर दोनों सरिए से एटीएम स्क्रीन के नीचे वाले हिस्से को तोडऩे लगे। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों के मार्फत मुंबई स्थित मुख्य सर्वर स्टेशन में पता लग गई। उन्होंने एटीएम में टू-वे सिस्टम के माध्यम से दोनों युवकों को एटीएम की निगरानी में होने व पकड़े जाने की चेतावनी भी दी। इतना ही नहीं, वहां लगा सायरन भी बजने लग गया। यह सुनकर दोनों युवक घबरा गए और बाहर निकलकर भाग निकले। एेसे में एटीएम चोरी होने से बच गया।
मुख्य सर्वर स्टेशन से स्थानीय पुलिस और बैंक शाखा के अधिकारियों को सूचना दी गई। जो मौके पर पहुंचे। युवकों की तलाश में नाकाबंदी कराई गई, लेकिन फिलहाल दोनों का सुराग नहीं लग सका। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों की तलाश की जा रही है। बैंक शाखा प्रबंधक गौतम राम सोलंकी की तरफ से तोड़-फोड़ व चोरी के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि एटीएम में करीब ग्यारह लाख रुपए थे। जो सुरक्षित हैं।
Published on:
06 Mar 2020 12:08 am
