
घायल महिला का एक्स-रे कराने के बहाने जेवर उतरवा ऑटो चालक गायब
जोधपुर.
सिद्धनाथ महादेव मंदिर रोड पर मोटरसाइकिल के स्लिप होने से घायल महिला का एक्स-रे कराने के बहाने एक ऑटो चालक सोने के आभूषण उतरवाकर गायब हो गया। महिला के पति ने अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ प्रतापनगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।
थानाधिकारी सोमकरण के अनुसार माणकलाव में डऊकियों की ढाणी निवासी दूध विक्रेता वीरमराम पुत्र उदाराम जाट गत 14 नवम्बर की सुबह साढ़े दस बजे चोखां जाने के लिए पत्नी हीरादेवी व पुत्र सेठाराम को मोटरसाइकिल पर लेकर कायलाना चौराहा पहुंचा, जहां वीरमराम उतर गया। पुत्र को चोखां जाने का रास्ता बताया और और पुत्र व पत्नी को मोटरसाइकिल पर रवाना किया, लेकिन पुत्र रास्ता भूल गया। वह सिद्धनाथ महादेव मंदिर रोड की तरफ निकल गया। एक गोलाई में मोटरसाइकिल स्लिप हो गई। मां व पुत्र नीचे गिर गए। महिला घायल होने से बेहोश हो गई। वहां कुछ लोग जमा हो गए। इतने में एक ऑटो चालक वहां आया और महिला व पुत्र को ऑटो में बिठाकर मथुरादास माथुर अस्पताल के लिए रवाना हो गया। पुत्र ने पिता को सूचना दी और अस्पताल बुलाया।
इस बीच, ऑटो चालक एमडीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचा, जहां उसने पर्ची कटवाई। फिर एक्स-रे जांच कराने की जानकारी दी। उसने चिकित्साकर्मियों को महिला का रिश्तेदार बताया और एक्स-रे के लिए महिला के गले से तीन तोला सोने की ठूसी व सोने का एक बोर उतरवा लिया। महिला को एक्स-रे कराने ले जाया गया तो पीछे चालक जेवर सहित गायब हो गया।
Published on:
16 Nov 2021 11:20 pm
