
bag loot in jodhpur, loot in jodhpur, inside city of jodhpur, jodhpur crime news, jodhpur news, jodhpur news in hindi
जोधपुर. शहर के भीतर नरसिंहदड़ा के पास बनावतों की गली में गुरुवार देर शाम मंदिर से पैदल घर लौट रही वृद्धा के कंधे पर लटक रहा बैग लूटकर मुंह पर कपड़ा बांधे लुटेरा साथी के साथ भाग निकला। वृद्धा ने मदद के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन दोनों युवक अंधेरे में ओझल हो गए। खाण्डा फलसा थाना पुलिस ने लूट की बजाय बैग व मोबाइल की गुमशुदगी दर्ज कर इतिश्री कर ली।
जालप मोहल्ला निवासी 72 वर्षीय वीणा पत्नी गोविंद कल्ला ने बताया कि गुरुवार के चलते वह बड़लेश्वर महादेव मंदिर में आरती करके पैदल ही घर लौट रही थी। कंधे पर काला बैग लटक रहा था। बनावतों की गली पहुंचने पर सामने से पैदल ही दो युवक आगे-पीछे चलते हुए पास आए। मुंह पर कपड़ा बांधे आगे वाले युवक ने अचानक बैग पर झपट्टा मारा और बैग लूटकर भाग निकला। पीछे वाला युवक भी उसके पीछे-पीछे अंधेरे में ओझल हो गया।
वारदात से सकपकाई वृद्धा जोर-जोर से चिल्लाने लगी। गली में किसी की आवाजाही न होने से दोनों लुटेरे भाग निकले। बाद में वृद्धा ने परिजन को अवगत कराया। बैग में करीब दो हजार रुपए, मोबाइल, दस्तावेज व चाबियां रखी थी। बाद में परिजन थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने लूट की बजाय बैग व मोबाइल खो जाने की शिकायत ली और गुमशुदगी दर्ज की। उप निरीक्षक छत्तु सिंह का कहना है कि मोबाइल के आधार पर तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। साक्ष्य मिलने पर लूट का मामला दर्ज कर लिया जाएगा।
वारदात के तुरंत बाद मोबाइल बंद
वृद्धा के घरवालों ने बैग में रखे मोबाइल पर कॉल लगाया, लेकिन वो बंद मिला। संभवत: वारदात के बाद लुटेरों ने सिम निकाल मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया होगा।
स्मैक पर नियंत्रण न होने से वारदात
बाइजी का तालाब की मोहल्ला विकास समिति के सचिव राजेश बोराणा ने वारदात पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि भीतरी शहर में स्मैक पीने व बेचने वालों का आतंक है। इन पर नियंत्रण से ही वारदातें थम सकती हैं। उन्होंने कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
Updated on:
28 Dec 2018 04:52 pm
Published on:
28 Dec 2018 04:52 pm
