
पुलिया से टकरा गई बाइक, युवक की मौत
फलोदी. एनएच-11 पर रिलायंस पम्प के निकट गुरुवार शाम निर्माणाधीन पुलिया से टकरा कर एक बाइक नीचे गिर गई। जिससे बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो जने गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें उपचार के लिए जोधपुर रैफर किया है।
जानकारी के अनुसार तीन जनें एक बाइक पर सवार होकर एनएच-11 से गुजर रहे थे, इस दौरान रिलायंस पम्प के निकट यह बाइक निर्माणाधीन पुलिया से अचानक टकराकर नीचे गिर गई। इस दुर्घटना में गंगाराम विश्नोई निवासी भाखरी (ओसियां) की मौके पर ही मौत हो गई तथा अर्जुनसिंह पुत्र भवानीसिंह निवासी जांगलू (बीकानेर) व जबरसिंह पुत्र भीखसिंह निवासी भेड़ गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने पर आपातकालीन सेवा 108 के ईएमटी हितेश व पायलट राजेश स्वामी एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे तथा दोनों घायलों को फलोदी स्थित राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोधपुर रैफर कर दिया गया।
यहां हेलमेट ने बचाई जान
शहर के निकट एकां चौराहा पर गुरुवार दोपहर हुई एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार बाबूलाल पुत्र जेठमल कुम्हार निवासी रोहिणा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। संयोग से इसने हेलमेट पहन रखा था, जिससे वह सुरक्षित बच गया। उसे फलोदी स्थित राजकीय चिकित्सालय लाया गया।
Published on:
19 Oct 2018 01:49 am
