
जोधपुर . जोधपुर शहर विधायक कैलाश भंसाली की जुबान शुक्रवार को उस वक्त फिसल गई जब वे सरदारपुरा में तीन मंजिला इमारत ढहने के मामले में मौके पर पहुंचे। हादसा स्थल पर पहुंचते ही क्षेत्रवासियों ने उन्हें घेर लिया और खूब खरी-खोटी सुनाई। लोग बोले- चार दिन बाद आज आए हो। इतने दिन कहां थे? तब विधायक ने कहा, मैं तो उस दिन भी आया था। आप लोग बुलाएंगे तभी तो आऊंगा, ऐसे कैसे आऊ…। यह कहते ही लोगों का गुस्सा और भड़क गया।
भंसाली बोले- आप झूठ मत बोलिए, झूठ बोलोगे तो जूते पड़ेंगे। इस हादसे के पीडि़त भूतड़ा परिवार के साथ जैन समाज के लोग सरदारपुरा में इकट्ठा हुए और फिर कलक्ट्रेट पहुंच जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर न्याय की गुहार लगाई। यहां लोगों ने विधायक को एक बार फिर घेर लिया और जूते मारने की बात पर स्पष्टीकरण मांगने लगे। आरोप है कि उन्होंने गुस्से में हाथ उठाकर जूते मारने की बात कही।
पहले तो वे इस बात पर अड़े रहे कि उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं की है। लेकिन जब पीडि़त ने कहा कि आपका ऐसे बोलते हुए वीडियो वायरल हो गया है तब भंसाली बोले- यदि ये आहत हुए हैं तो वे माफी मांगते हैं। लोगों ने कहा कि आप विधायक हैं तो विधायक की तरह की बर्ताव करें। फिर मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब विधायक ने माफी ही मांग ली है तो मामला खत्म करो। लोगों ने हादसे के दोषी भाजपा नेता को गिरफ्तार कर मुआवजे की मांग की। गौरतलब है कि चार दिन पूर्व एक भवन के बेसमेंट निर्माण के लिए खुदाई के दौरान नींव कमजोर होने से तीन मंजिला भवन ढह गया था।
निगम और प्रशासन अब तक हादसे के कारणों को लेकर कोई तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश नहीं कर पाया है। चार दिन बाद भी पीडि़त परिवार सड़क किनारे टैंट लगा मलबे में से अपना सामान ढूंढने का प्रयास कर रहा है। सरकारी दफ्तरों के चक्कर भी काट रहा है, उम्मीद है कि कोई मदद मिल जाए। पीडि़त चंद्रकांत भूतड़ा ने कहा कि उन्हें इस मामले में न्याय चाहिए। शुक्रवार को हादसे के चौथे दिन भी मलबे में से सामान निकालने में जुटे रहे। पूरा परिवार तपती धूप और गर्मी में भी सड़क किनारे टकटकी लगाए बैठा है।