
भाजपा जिलाध्यक्ष और उनकी पत्नी रहते एक ही मकान में, वोट अलग-अलग वार्ड में देंगे!
जोधपुर.
नगर निगम के वार्डों की संख्या 65 से बढकऱ सौ हो गई है। पुनर्सीमांकन को लेकर पहले से विवाद चल रहे थे और अब जारी वार्डों की नई मतदाता सूची ने फिर से गफलत पैदा कर दी है। कुछ समय पहले एक ही गली में रहने वाले लोगों के नाम अलग-अलग वार्ड की मतदाता सूची में होने की जानकारी मिली थी। अब एक ही मकान में रहने वाले परिवार के सदस्य भी अलग-अलग वार्ड की मतदाता सूची में बताए जा रहे हैं।
वार्ड पुनर्सीमांकन को लेकर भाजपा की ओर से लगातार आपत्तियां जताई जा रही है। शहर जिला भाजपा अध्यक्ष जगत नारायण जोशी भी रविवार को नई मतदाता सूचियों का अवलोकन करते समय निर्वाचन विभाग की गफलत से चौंक गए। एक ही मकान में रहने वालों के नाम अलग-अलग वार्ड की मतदाता सूचियों में थे। जोशी के परिवार के साथ भी ऐसा ही हुआ। उनका नाम तो वार्ड संख्या 18 में भाग संख्या 7 के 1239 क्रमांक नम्बर पर और उनकी पत्नी का नाम वार्ड संख्या 33 में भाग संख्या 2 के 167 नम्बर में कर दिया गया। उनके परिवार के कई सदस्य भी दोनों वार्ड के बीच बंट गए।
सीमा पर नहीं मकान फिर भी गड़बड़ी
जोशी का मकान कमला नेहरू नगर में मकान संख्या 358 वार्ड संख्या 33 में आता है। लेकिन उनके परिवार के कई सदस्यों के नाम वार्ड संख्या 18 में डाल दिया गया।
Published on:
29 Sept 2019 09:17 pm
