
कांग्रेस की सरकार ने अल्पसंख्यकों का फायदा उठाया और उनका नाम लेकर वोट बैंक मजबूत किया। जबकि भाजपा सरकार वास्तव में जमीन पर अल्पसंख्यकों के लिए काम कर रही है। यह बात भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब्दुल रशीद अंसारी ने कही। जोधपुर के स्टील भवन में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के संभाग स्तरीय बैठक में शामिल होने आए अंसारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्येक बूथ पर 5 अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं को भी उतारेगी। इससे की चुनाव से पहले अल्पसंख्यक समुदाय तक उनके लिए सरकार द्वारा किए गए काम बताया जा सके। एक सवाल के जवाब में अंसारी ने कहा कि किसी जमाने में अल्पसंख्यक समुदाय कांग्रेस का परंपरागत वोट बैंक हुआ करता था। लेकिन अब समुदाय को समझ आ चुका है कि भाजपा सरकार ही उनके लिए धरातल पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 4 साल में अल्पसंख्यक समुदाय के कई लोग भाजपा के साथ जुड़े हैं।