
loot in jodhpur, businessman loot, robbery in jodhpur, jodhpur crime news, jodhpur news, jodhpur news in hindi
जोधपुर/मथानिया. बालरवा से बिंजवाडिय़ा रोड पर एसयूवी सवार तीन-चार लोगों ने मोटरसाइकिल सवार सब्जी व्यवसायी को रोक धमकाया और बैग से अस्सी हजार रुपए, पर्स, एटीएम व आधार कार्ड लूटकर भाग निकले। मथानिया थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया गया है।एएसआइ रामलाल सारण ने बताया कि बालरवा निवासी हुकमाराम पुत्र जयराम माली सब्जी का कमीशन एजेंट है और हमेशा रात साढ़े बारह बजे सब्जीमण्डी जाने के लिए मोटरसाइकिल पर घर से निकलता है। व्यवसाय की जरूरत के चलते उसके पास हमेशा पचास-साठ हजार रुपए नकद रहते हैं। वह सोमवार मध्यरात्रि बाद घर से रवाना हुआ। बाइक पर पीछे मैथी से भरी बोरी रखी थी।
गांव से कुछ दूर बिंजवाडिय़ा रोड पहुंचने पर सामने से आई एसयूवी में सवार लोगों ने उसे रोका और मोटरसाइकिल को घेर लिया। एक व्यक्ति उसे मोटरसाइकिल के पीछे रखी मैथी की बोरी में हिरण का मांस होने की बात पर धमकाने लगा। उसने आश्वस्त करने का प्रयास किया कि बोरी में मांस नहीं, मैथी है, लेकिन एक लुटेरे ने उसकी गर्दन पकड़ ली और दूसरा उसे डण्डे से धमकाने लगा। पीडित का कहना है कि डर व घबराहट के चलते उसने बैग लुटेरों को दे दिया। आरोपियों ने बैग से अस्सी हजार रुपए, एटीएम कार्ड, मोबाइल व अन्य सामान निकाल बैग फेंक दिया और बिंजवाडिय़ा की तरफ भाग निकले। पीडि़त व्यवसायी ने परिजन व परिचितों को बुलाया और थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।
Updated on:
10 Oct 2018 03:31 pm
Published on:
10 Oct 2018 03:31 pm
