
मित्रता में दोस्त की जगह देने आया था परीक्षा, अब जेल पहुंचा
जोधपुर. राजस्थान नर्सिंग कौंसिल की ओर से जीएनएम तृतीय वर्ष की पूरक परीक्षा में महात्मा गांधी अस्पताल के नर्सिंग स्कूल केन्द्र पकड़ में आने वाला फर्जी अभ्यर्थी मित्रता में दोस्त की जगह परीक्षा देने आया था। सरदारपुरा थाना पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को जेल भिजवा दिया। वहीं, मुख्य अभ्यर्थी का सुराग नहीं लग पाया।
जांच कर रहे हेड कांस्टेबल प्रकाश ने बताया कि प्रकरण में गिरफ्तार बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी निवासी ओमप्रकाश पुत्र बिरदाराम बिश्नोई को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए। मूल अभ्यर्थी धोरीमन्ना निवासी खरताराम पुत्र भींयाराम गोदारा भी आरोपी है। पुलिस ने उसको पकडऩे के प्रयास किए, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ होने से उसका सुराग नहीं लग सका। पूछताछ में ओमप्रकाश ने बताया कि वह और खरताराम खास दोस्त हैं। इसी के चलते वह मित्र की जगह परीक्षा देने आ गया था। फिलहाल इसके बदले में रुपए की कोई बात सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि जीएनएम की पूरक परीक्षा के दौरान एमजीएच की नर्सिंग स्कूल में प्रवेश पत्र व उपस्थिति पत्रक में हस्ताक्षर न मिलने पर संदेह हुआ था। हड़बड़ाहट में ओमप्रकाश ने मौके से भागने का प्रयास भी किया था, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद महेन्द्र प्रकाश शर्मा व शैतानसिंह ने उसे पकडक़र पुलिस को सौंप दिया था। प्रधानाचार्य अजीज उल्लाह खान की तरफ से मामला दर्ज कराया गया था।
Updated on:
12 Feb 2020 11:09 am
Published on:
12 Feb 2020 11:09 am
