
टायर फटने से कार पलटी, बाहर गिरने से युवती की मौत
जोधपुर.
लूनी थानान्तर्गत पाली रोड पर कांकाणी भाखरी के पास शनिवार देर शाम को टायर फटने से कार पलट गई। हादसे में एक युवती की मौत हो गई तथा एक युवक घायल हो गया।
थानाधिकारी नियाज मोहम्मद के अनुसार दिल्ली में कॉल सेंटर में कार्य करने वाले तीन युवक व दो युवतियां घूमने के लिए जयपुर होते हुए कार में जोधपुर आ रहे थे। शाम सात बजे कांकाणी भाखरी के पास कार का आगे का टायर अचानक फट गया। जिससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सडक़ के किनारे पलट गई। हादसे में चालक के पास वाली सीट पर बैठी दिल्ली के उत्तम नगर निवासी सिमरन पुत्री सुशील ओबेरॉय व अभिषेक चौहान गंभीर घायल हो गए। पीछे वाली सीट पर बैठे दो युवक व एक युवती को भी मामूली चोट आई। आस-पास के लोगों ने कार सीधी कर मशक्कत के बाद पांचों घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया, जहां सिमरन की मौत हो गई। जबकि अभिषेक चौहान का इलाज चल रहा है। अन्य तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी तथा मृतका का शव मोर्चरी में रखवाया। हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
Updated on:
23 Feb 2020 12:13 am
Published on:
23 Feb 2020 12:13 am
