
CBSE ने जारी किए निर्देश, कम उपस्थिति है तो सात जनवरी तक दें प्रमाण पत्र, अन्यथा परीक्षा से बाहर
जोधपुर. केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की मुख्य परीक्षाओं में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों की 75 प्रतिशत उपस्थिति होना अनिवार्य है। उपस्थिति की गणना एक जनवरी, 20 तक होगी। वहीं, कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।
बोर्ड की परीक्षाएं 15 फरवरी से होंगी। सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक ने समस्त क्षेत्रीय अधिकारी एवं विद्यालय प्रभारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे उपस्थिति संबंधी नियमों की सख्ती से पालना कराएं। कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को परीक्षा से वंचित करने अथवा उनके अभिभावकों को अनुपस्थिति संबंधी पुख्ता कारण और प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने होंगे। वहीं, कम उपस्थिति संबंधी प्रकरण मय प्रमाण सीबीएसई के केन्द्रीय कार्यालय में 7 जनवरी तक प्रस्तुत करने होंगे। इसके बाद किसी प्रकरण पर सुनवाई नही होगी और संबधित विद्यार्थी को परीक्षा से बाहर कर दिया जाएगा।
यह कारण और प्रमाण-पत्र
लंबी बीमारी- इसके लिए अभिभावकों की पूर्व अपील, सरकारी चिकित्सक का प्रमाण-पत्र और सभी मेडिकल जांच।
करीबी रिश्तेदार की मौत- माता-पिता की मौत अथवा अन्य दुर्घटना पर मृत्यु प्रमाण-पत्र और संबंधित विद्यालय की अनुशंसा
खेलों में प्रतिनिधित्व- राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्टीय स्तर पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होने पर अभिभावकों की पूर्व अपील, संबंधित आयोजकों का प्रमाण-पत्र अथवा भारतीय खेल प्राधिकारण का अनुशंसा पत्र।
Published on:
02 Jan 2020 03:18 pm
