
आग से सिनेमा हॉल की कुर्सियां व सीलिंग जलीं
जोधपुर. पुराने हाईकोर्ट रोड पर पुलिस कन्ट्रोल रूम के सामने स्थित मॉल में मल्टी प्लेक्स सिनेमा हॉल की चौथी मंजिल पर शनिवार सुबह आग लग गई और वहां रखी कुर्सियां व सीलिंग जल गईं। हॉल के फायर सेफ्टी सिस्टम की मदद से दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। सिनेमा हॉल के बंद होने से कोई जनहानि नहीं हुई।
अग्निशमन सूत्रों के अनुसार पुराने पुलिस कन्ट्रोल रूम के सामने अंसल प्लाजा नामक मॉल में आइनॉक्स मल्टी प्लेक्स सिनेमा हॉल है। इसकी चौथी मंजिल पर बने हॉल में सुबह आग लग गई, जहां रखी कुर्सियां चपेट में आ गईं। वहीं, सीलिंग भी जलकर खाक हो गईं। हॉल में धुआं ही धुआं हो गया। आग का पता लगने पर मॉल संचालकों ने पुलिस व अग्निशमन केन्द्र को सूचना दी। शास्त्रीनगर स्थित अग्निशमन केन्द्र से दो और नागौरी गेट स्थित अग्निशमन केन्द्र से एक दमकल के साथ दमकलकर्मी मौके पर आए और आग पर काबू पाया। तब तक कुर्सियां व सीलिंग जल चुकी थी। कुछ अन्य सामान के भी जलने का अंदेशा है। आग लगने का कारण पता नहीं लग पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट का अंदेशा जताया जा रहा है।
आग लगते ही सक्रिय हुए सेफ्टी फायर सिस्टम
मॉल में सेफ्टी फायर सिस्टम लगे हुए हैं। जो आग लगने पर स्वत: ही शुरू हो गए। जिसकी वजह से समय पर आग को काबू किया जा सका और कोई भी जनहानि नहीं हुई। दमकलकर्मियों को भी आग पर काबू पाने में मदद मिली।
Published on:
31 Jul 2021 08:35 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
