
मुख्यमंत्री गहलोत ने जोधपुर में नए पर्यटन स्पॉट विकसित करने के दिए निर्देश, अब चैनपुरा व सुरपुरा के फिरेंगे दिन
अविनाश केवलिया/जोधपुर. शहर में दो ऐसे स्पॉट विकसित किए जा रहे हैं जो कि स्पोट्र्स व वाटर ट्यूरिज्म को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा सकते हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विधानसभा क्षेत्र में यह दोनों स्थल आते हैं। उनके निर्देश पर ही यहां विकास की संभावनाएं तलाशी जाएगी। इसके लिए जोधपुर विकास प्राधिकरण ने डीपीआर बनाने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। दोनों कार्यों के लिए अलग-अलग डीपीआर बनेगी। इसके लिए टैंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
गोशाला की तर्ज चैनपुरा का विकास
गोशाला स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स की तर्ज पर चैनपुरा अमृतलाल गहलोत स्टेडियम का विकास करने की तैयारी है। यहां किस प्रकार के स्पोट्र्स एििक्वटी हो सकती है इसकी डीपीआर बनाई जा रही है। करीब 3 लाख रुपए में यह डीपीआर तैयार होगी। सकारात्मक बातें सामने आती है तो स्वीकृत राज्य सरकार इस पर काम करेगी।
ऐसे हो सकता काम
यहां अभी चुनिंदा खेलों के लिए ही खिलाड़ी तैयार किए जा रहे हैं। गोशाला की तरह स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी है। सिंथेटिक ट्रेक, वॉकिंग व रनिंग ट्रेक, जिम्नेजियम सहित कई प्रकार स्पोट्र्स सुविधाएं विकसित करने पर विचार हो रहा है। इससे स्टेडियम में रेवेन्यू भी हो और इसकी मरम्मत भी समय पर की जा सके।
वॉटर ट्यूरिज्म सुरपुरा बांध में
सुरपुरा बांध क्षेत्र का जो रिजरवॉयर जलदाय विभाग की ओर से विकसित किया गया है उसके साथ ही ऐतिहासिक महल को विकसित कर यहां पर्यटन हब बनाने की तैयारी है। यह बात भी मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही हो रहा है। इस काम की भी डीपीआर तैयार होगी। इस काम के लिए 5 लाख का बजट रखा गया है।
यह हो सकता है काम
सुरपुरा बांध के समीप पुराने महल व भवन में आर्ट गैलेरी शुरू हो सकती है। साथ ही म्यूजिकल फाउंटेन व नेविगेशन भी शुरू करवाया जा सकता है। सुरपुरा के समीप ही स्टेप गार्डन बनाने की योजना है। कैफेटेरिया भी विकसित होगा जिससे कि यूथ यहां अट्रेक्ट हो सके। सुरपुरा बांध में बारिश के बाद पानी आया है लेकिन यह पूरे वर्ष नहीं रहता। पीएचइडी का रिजरवायर पूरे साल भरा रहता है। ऐसे में वाटर एक्टिविटी यहां होगी।
इनका कहना...
सुरपुरा बांध क्षेत्र में रिक्रिएशन पार्क व अमृतलाल गहलोत स्टेडियम में विकास की संभावनाएं तलाशने के लिए डीपीआर होगी। डीपीआर में यदि सकारात्मक बातें सामने आती है तो बजट स्वीकृति मिलेगी।
- घनश्याम पंवार, अधिशासी अभियंता, जेडीए जोधपुर
Published on:
25 Oct 2019 12:21 pm
