
कोरोना में राहत: बिना बॉण्ड भरे कर सकेंगे निर्यात
जोधपुर।
वैश्विक कोरोना के प्रकोप से विदेश व्यापार प्रभावित नहीं हो इसलिए केन्द्र सरकार ने देश के आयातकों व निर्यातकों को राहत दी है। सेन्ट्रल बोर्ड ऑफ इन्डायरेक्ट टैक्सेज एण्ड कस्टम्स (सीबीआइसी) ने कोरोना संकट के मौजूदा दौर में कारोबारियों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड के नए दिशानिर्देशों के अनुसार, कारोबारी इस वर्ष जून अंत तक सीमा शुल्क अधिकारियों के समक्ष बॉण्ड भरे बिना भी वस्तुओं का आयात और निर्यात कर सकेंगे। कारोबारियों को बॉण्ड के बदले केवल एक हलफ नामा जमा करना होगा। इस सुविधा का लाभ उठाने वाले आयातकों व निर्यातकों को 15 जुलाई तक विधिवत बॉण्ड प्रस्तुत करना होगा। वस्तुओं की निकासी में तेजी लाने, सीमा शुल्क नियंत्रण व वैध व्यापार में संतुलन बनाए रखने के लिए कारोबारियों को बॉण्ड जमा करने से अस्थाई तौर पर छूट दी गई है।
--
पिछले साल भी दी थी सुविधा
सीबीआइसी ने पिछले साल भी कोविड महामारी के मद्देनजर यह सुविधा दी थी। बोर्ड ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लागू लॉकडाउन या प्रतिबंधों के चलते होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए देश के विभिन्न हिस्सों से कारोबारियों ने अनुरोध किया था कि सीमा शुल्क के कुछ मामलों में बॉण्ड के बदले कुछ समय के लिए हलफ नामा स्वीकार किया जाए।
---
कोविड काल में यह निर्यातकों के लिए बड़ी राहत होगी । लॉकडउन के समय निर्यातकों को बॉण्ड बनाकर देने में दिक्कतें आती है, इससे निर्यातकों के शिपमेंट अटक जाते है। अब केवल हलफ नामे से ही निर्यातको का काम हो जाएगा ।
डॉ भरत दिनेश, अध्यक्ष
जोधपुर हैण्डीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन
Updated on:
18 May 2021 04:41 pm
Published on:
18 May 2021 04:41 pm
