
जोधपुर.
खेत की तरमीन व म्युटेशन भरने की एवज में सत्रह हजार रुपए रिश्वत लेते भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की गिरफ्त में आने वाली पलासनी की महिला पटवारी को मजिस्ट्रेट ने रविवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए। कोवि-१९ जांच रिपोर्ट आने तक पटवारी को पुलिस स्टेशन उदयमंदिर की हवालात में रखा गया है।
ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र चौधरी ने बताया कि प्रकरण में मधुबन हाउसिंग बोर्ड निवासी आरोपी पटवारी रसाल कंवर सोलंकी को देर शाम मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें पन्द्रह दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए। इससे पहले ब्यूरो ने पटवारी की कोविड-१९ जांच के लिए सैम्पलिंग करवाई। जांच रिपोर्ट संभवत: सोमवार को आएगी। तब तक महिला पटवारी को उदयमंदिर थाने की हवालात में रखने का निर्णय किया गया।
गौरतलब है कि पलासनी गांव निवासी पोकरराम सीरवी के खेत की तरमीन व म्युटेशन भरने की एवज में पटवारी रसाल कंवर सोलंकी ने बीस हजार रुपए मांगे थे। फिर १८ हजार रुपए लेना तय हुआ था। गोपनीय सत्यापन के दौरान पटवारी ने एक हजार रुपए ले लिए थे। शेष सत्रह हजार रुपए उसने शनिवार को मधुबन हाउसिंग बोर्ड स्थित घर में लिए थे, जहां से एसीबी ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।