10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बेपरवाह : रोडवेज में इस तरह यात्रा करेंगे तो उपहार में घर ले जाएंगे कोरोना

लाइव रिपोर्ट - रोडवेज की कई बसों में यात्रियों की भीड़- सोशल डिस्टेंसिंग की नहीं हो रही पालना, कोरोना फैलने का डर
2 min read
Google source verification
बेपरवाह : रोडवेज में इस तरह यात्रा करेंगे तो उपहार में घर ले जाएंगे कोरोना

बेपरवाह : रोडवेज में इस तरह यात्रा करेंगे तो उपहार में घर ले जाएंगे कोरोना

जोधपुर. इन दिनों शादियों की सीजन चल रही है। रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ रहने लगी है। रविवार शाम को जोधपुर डिपो परिसर से भोपालगढ़ व पीपाड़ जाने वाली बसों में यात्री खचाखच भरे नजर आए। आलम यह था कि कई यात्री सीट नहीं मिलने से खड़े थे। सोशल डिस्टेंसिंग नदारद मिली। ऐसी स्थिति में यात्रियों के कोरोना की चपेट में आने का डर रहता है। लेकिन हकीकत यह हैं कि यात्रियों की अपनी मंजिल तक पहुंचने की जल्दबाजी और बस परिचालक को अच्छी आय का लालच होने के चलते बसों में क्षमता से ज्यादा सवारियों को भरा जा रहा है। ऐसे में यात्रा के दौरान यात्रियों के कोरोना की चपेट में आने का डर रहता है। लेकिन उसके बाद भी रोडवेज प्रबंधन ध्यान नहीं दे रहा हैं। उनकी यह लापरवाही जिले में कोरोना के फैलने में सहायक साबित हो सकती है।

कुछ ऐसे दिखे बसों के हाल
शाम करीब पांच बजे राइकाबाग रोडवेज बस स्टैंड से आरजे-19 पीबी-3213 पीपाड़ के लिए रवाना हो रही थी। बस में सीट नहीं मिलने से कई यात्री खड़े नजर आए। क्षमता से ज्यादा बस में यात्री सवार थे। कुछ ऐसी ही स्थिति भोपालगढ़ की तरफ जाने वाली बस आरजे-19-पीए-7825 में देखने को मिली। सीट नहीं मिलने से बस के दरवाजे तक यात्री खड़े थे। जबकि हकीकत यह है कि कोरोना न फैले यात्रियों में सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे इसलिए बसों में सीटों की संख्या से ज्यादा यात्रियों को नहीं बिठाना होता है लेकिन सबकुछ जानते हुए भी रोडवेज प्रबंधन लापरवाही बरत रहा है।

परिचालक - सावों की सीजन है, भीड़ तो रहेगी
पीपाड़ जाने वाली बस के परिचालक से क्षमता से ज्यादा सवारियां ले जाने के बारे में पूछा तो उसने कहा कि इन दिनों शादियों की सीजन है। ऐसे में भीड़ तो रहेगी। यात्रियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग के सवाल पर परिचालक ने कोई जवाब नहीं दिया।

पीपाड़ जाना है न जाने इसके बाद कब बस मिलेगी
बस में भीड़ हैं लेकिन पीपाड़ जाना भी जरूरी है। इसलिए बस में चढ़ गया। शाम का समय है न जाने इसके बाद बस कब मिलेगी।
- रवि, यात्री


सेनेटाइजर साथ में है
भोपालगढ़ जाना जरूरी है। कोरोना से बचाव के लिए मुंह पर मास्क लगा रखा है।
- राजेन्द्र, यात्री