
जोधपुर में फिर बढऩे लगी है चिंता, अब आने लगे हैं कोरोना लक्षण वाले मरीज
अभिषेक बिस्सा/जोधपुर. कोरोना का आंकड़ा जोधपुर में डेढ़ हजार के पार जा पहुंचा है। हालांकि जोधपुर में अब तक 25 फीसदी मरीज ही कोरोना के लक्षण वाले पाए गए हैं। ज्यादातर रोगी पॉजिटिव जरूर थे, लेकिन उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे। चिंताजनक बात अब ये सामने आ रही हैं कि आजकल कई रोगी कोरोना के लक्षण वाले आने लगे है। पिछले पांच दिन की जारी सूची में 15 से 20 मरीज कोरोना लक्षण वाले मिले हैं। इन रोगियों में खांसी, जुकाम व बुखार के लक्षण भी मिले हैं।
खुद ही पहुंच रहे अस्पताल
इनमें कई रोगी बड़े चिकित्सा संस्थानों में आउटडोर नहीं संचालित होने के कारण अब खुद ही अपने घर के निकट शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंच रहे है। इन रोगियों को वहीं से ही जांच की सलाह दी जा रही है। जांच में ये रोगी संक्रमित भी निकल रहे हैं। जबकि इससे पहले रैंडम सैंपलिंग के जरिए ज्यादातर संक्रमित मरीज सामने आए थे।
नहीं रखा ध्यान तो हो सकते हैं संक्रमित
शहर में लोगों को लॉक डाउन से खासी राहत मिली है। भीतरी शहर के कुछेक भाग को छोड़ दे तो ज्यादातर बाहर बाजार खुल गए हैं। ऐसे में संक्रमण एक दूसरे से तेजी से फैलनी की संभावना बनी हुई है। इस वक्त सभी को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
इनका कहना है
कोरोना लक्षण व साथ ही केवल आईएलआई लक्षण के मरीज भी आ रहे है। लॉक डाउन में राहत मिलने से अब लोगों को थोड़ी और सावचेती रखने की जरूरत है। कम से कम ही अपना मूवमेंट रखे।
- डॉ. बलवंत मंडा, सीएमएचओ, जोधपुर
Published on:
04 Jun 2020 09:16 am
